नूरपुर उपमंडल की छतरोली पंचायत में मंगलवार को खेतों में घास चराने के लिए ले जाइ जा रही भैंसों के झुंड मे से अचानक एक भैंस लबालब पानी से भरे एक कुएँ में गिर गई जिसे कि आपदा प्रबंधन टीम और अग्निशमन कर्मियों नें करीब तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित कुँए से बाहर निकाल लिया।
मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे के आसपास जब एक स्थानीय पशु पालक रोशन दीन अपनी भैंसों को चराने के लिए ले जा रहा था तो अचानक से उसकी एक भैंस कुएँ में गिर गई। बरसात के कारण उस कुएँ में काफी मात्रा में पानी भरा हुआ था और कुएँ के आसपास काफी झाड़ियां भी थी और चरते चरते अचानक से भैंस उसमें जा गिरी।
छतरोली निवासी पशु पालक रोशन दीन ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पंचायत उपप्रधान सरिता देवी को दी। उपप्रधान द्वारा इस बारे अग्निशमन केंद्र नूरपुर को मौके पर बुलाया गया लेकिन भैंस को कुएं से निकालने में सफ़लता नहीं मिल पाई। जिस पर आपदा प्रबंधन बटालियन नूरपुर की टीम ने मोर्चा संभालते हुए भैंस को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला।
भैंस को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालने में आपदा प्रबंधन बटालियन के एसआई सुधीर यादव, एसआई राजिंदर कुमार, अग्निशमन केंद्र नूरपुर के प्रभारी करतार सिंह और उनकी टीम शामिल रही।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस योजना के तहत शोधार्थियों को पंजीकरण की तिथि से तीन वर्षों तक 3000 रुपये मासिक फैलोशिप दी जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए युवाओं को प्रेरित करने के लिए यह योजना आरंभ की गई है।
मंत्रिमंडल ने सीसीएस (अवकाश) नियम, 1972 के नियम 43-बी को अपनाते हुए बच्चा गोद लेने वाली राज्य सरकार की नियमित महिला कर्मचारियों को 180 दिनों का बाल दत्तक ग्रहण अवकाश प्रदान करने की मंजूरी प्रदान की।
बैठक में सोलन जिले की कृष्णगढ़ उप तहसील के अंतर्गत मंडेसर और ढकरियाना में दो नए पटवार सर्कल खोलने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमंडल ने ऊना जिले की उप तहसील हरोली के तहत लालड़ी में नया पटवार वृत्त खोलने का निर्णय लिया।
बैठक में हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के हथोल तथा टयालू में नए पटवार वृत्त खोलने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बिलासपुर जिले के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के बस्सी में नया कानूनगो वृत्त खोलने को मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला की इंदौरा तहसील के अंतर्गत थापकौर और नूरपुर तहसील के अंतर्गत कमनाला में नए पटवार वृत्त बनाने को सहमति प्रदान की।
बैठक में सिरमौर जिले की नौहराधार तहसील में पटवार वृत्त चराना को विभाजित कर नया पटवार वृत्त सैल (चुनवी स्थित शायला) खोलने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिले के झंडूता विधान सभा क्षेत्र के बल्हसीणा में नया डिग्री कालेज खोलने का निर्णय लिया। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित कर भरने के साथ-साथ 5 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान करने को भी मंजूरी दी।
इसी प्रकार चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के मसरूंड में भी नया डिग्री कालेज खोलने और इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पदों के सृजन एवं भरने तथा पांच करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान करने का निर्णय भी लिया गया।
मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम नई दिल्ली के पक्ष में ब्लॉक सरकारी गारंटी 35 करोड़ से बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये करने को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 18 पदों को भरने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमंडल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के परिसर में पुलिस थाना बिलासपुर के अंतर्गत नई पुलिस चौकी स्थापित करने और इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 6 पदों के सृजन एवं भरने को सहमति प्रदान की।
बैठक में राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के मानदेय में प्रथम सितंबर, 2022 से प्रतिमाह 900 रुपये वृद्धि करने का निर्णय लिया गया, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात लगभग 510 एसपीओ को लाभ प्राप्त होगा।
मंत्रिमंडल ने सोलन नगर निगम क्षेत्र में बेतरतीब पार्किंग, वाहनों की भीड़ और ऑटोमोबाइल वर्कशॉप्स के कारण आने वाली विभिन्न समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सोलन में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के राजकीय उच्च विद्यालय खीणी, शाला निशार, शोध अधार और कांढा तथा बिलासपुर जिला के उच्च विद्यालय साई ब्राह्मणा, निहारखन वासला, भगेड़, पनेहड़ा और कल्लर तथा सोलन जिला के राजकीय उच्च विद्यालय भटोलीकलां को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय ज्वालापुर, थाड़ी, खलबूट और डोभा तथा बिलासपुर जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय दिगथली, जामला, सवाना, सिदसूह, हरितल्यांगर, मंडयाली और भटेड़ तथा सोलन जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने तथा इन नव स्तरोन्नत विद्यालयों में विभिन्न श्रेणियों के 84 पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय बैला और चूरढ़ को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने तथा इनके लिए 16 पदों को सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमरोआ को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने व इसके लिए तीन पद सृजित कर भरने की भी स्वीकृति प्रदान की।
मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के नूरपुर में इंडोर स्टेडियम, मंडी जिला के जंजैहली स्टेडियम तथा शिमला जिला के खेल छात्रावास दत्तनगर/इंडोर स्टेडियम रामपुर में नव निर्मित खेल अधोसंरचना के संचालन के लिए 12 पदों पर कर्मियों की सेवाएं लेने को भी स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने नूरपुर में प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला के नूरपुर के बदूही मैदान में हिमाचल प्रदेश के गठन के 75वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की इन 75 वर्षों की यात्रा उपलब्धियों भरी रही है जिसका श्रेय राज्य के ईमानदार एवं परिश्रमी लोगों को जाता है। उन्होंने स्थानीय छात्रों की सुविधा के दृष्टिगत बरंडा में राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि राष्ट्र अपनी आज़ादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। वहीं प्रदेश अपने गठन के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य ढंग से आयोजित करने के दृष्टिगत देश के प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए हर घर तिरंगा जैसा सराहनीय अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी हिमाचल के अस्तित्व में आने के 75 वर्षों के उपलक्ष्य में राज्यभर में 75 कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य की विकासात्मक, सांस्कृतिक और राजनीतिक यात्रा के बारे में शिक्षित करना है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल चार जिले थे जबकि वर्तमान में 12 जिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य में प्रति व्यक्ति आय मात्र 240 रुपये थी जबकि आज यह बढ़कर 2,01,873 रुपये हो चुकी है और प्रदेश की साक्षरता दर 1948 में 4.8 प्रतिशत से बढ़कर अब 83 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 1948 वर्ष में राज्य में केवल 248 किलोमीटर सड़कें थी जबकि आज प्रदेश में लगभग 40 हजार किलोमीटर सड़कें हैं। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है जिन्होंने 60,000 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आरम्भ की। राज्य की लगभग 50 प्रतिशत सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रदेशवासियों और प्रदेश के प्रति विशेष स्नेह और लगाव है और वह हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं।
उन्होंने कहा कि विगत पांच वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री ने सात बार राज्य का दौरा किया और शीघ्र ही उनके प्रदेश के दो या तीन दौरे प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य को अनेक प्रोत्साहन प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि देश इस संकटकाल से अति शीघ्र बाहर निकले। उन्होंने कहा कि देश में विश्व का सबसे बड़ा मुफ्त टीकाकरण अभियान आरम्भ किया गया और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदान किए गए सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि जब कोविड महामारी फैली उस समय राज्य में केवल 50 वंेटिलेटर थे जबकि आज 1100 से अधिक वेंटिलेटर उपलब्ध हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार को अपने पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान दो वर्षों तक कोविड महामारी के खिलाफ लड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन वर्षों के दौरान भी राज्य सरकार ने सुनिश्चित किया कि विकास की गति निर्बाध रूप से जारी रहे। चूंकि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष महामारी से प्रभावित हुए और ऐसे में उन्होंने लोगों से सरकार को पांच वर्ष और देने का आग्रह किया ताकि राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए और अधिक जोश व प्रतिबद्धता से कार्य कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को पावर स्टेट के रूप में जाना जाता है और सरकार का मानना है कि राज्य के विद्युत उपभोक्ताओं को प्रदेश के इस गौरव का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी कारण राज्य सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के कुल 22,59,645 घरेलू उपभोक्ताओं में से 14,62,130 से अधिक उपभोक्ताओं को अब शून्य बिजली बिल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की रियायत दी जा रही है और प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सत्ता में आने के बाद लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का दावा कर रही है जबकि पहले यही नेता आरोप लगा रहे थे कि राज्य सरकार लोगों को मुफ्तखोरी की आदत डाल रही है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के लिए केंद्रीय परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए 90ः10 के अनुपात को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क भी प्रधानमंत्री द्वारा ही स्वीकृत किया गया है।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने नूरपुर के शेष गांवों के लिए चक्की खड्ड से 39 करोड़ रुपये लागत से निर्मित पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया।
वन मंत्री राकेश पठानिया ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि नूरपुर को पुलिस जिला बनाने की सबसे बड़ी मांग मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कार्यकाल में पूरी हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए स्वीकृत बल्क ड्रग पार्क के खुलने से क्षेत्र और समूचे प्रदेश के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नूरपुर क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक मांगों को पूरा करने के लिए हमेशा संवेदनशील रहने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह, राष्ट्रीय लघु बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष संजय गुलेरिया, पूर्व सांसद कृपाल परमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता ओ.पी. चौधरी, फतेहपुर क्षेत्र के भाजपा नेता बलदेव ठाकुर, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
देर रात हुई बारिश क़े कारण नूरपुर की खेल पंचायत क़े वार्ड नंबर एक मे स्लेटपोश कच्चा मकान गिर गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और घर के अंदर सो रहे लोग समय रहते घर से बाहर निकल आए।
पीड़िता आशा देवी ने बताया कि मेरे दो बेटे व मेरी बुजुर्ग माता अंदर कमरे मे सो रहे थे। आशा देवी उठ कर जैसे ही नहाने क़े लिए कमरे से बाहर आई तो देखा की घर की पीछे की दीवार टूट रही हैं। आशा देवी ने कहा की मैने जल्दी सभी को उठाया और सभी भाग कर घर से बाहर आ गए। आशा देवी ने कहा कि देखते ही देखते उसका घर गिर गया और उनके सर से छत छिन गई। आशा देवी ने सरकार व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
खेल पंचायत क़े उपप्रधान बलवान ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत अपने साथियो सहित मौके पर पहुँचे। आस पास क़े लोगों की मदद से घर के अंदर से सामान को बाहर निकाला गया। उपप्रधान ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि आशा देवी की तुरंत मदद की जाए। वहीं प्रशासन की तरफ से नायव तहसीलदार व पटवारी मौके पर पहुँचे और सारी घटना का जायजा लिया। प्रशासन ने आशा देवी को मदद देने का आश्वासन दिया है।
अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रदेश में महिलाओं को एक हजार रुपए सम्मान राशि देने की गारंटी दी है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए दिए जाएंगे। यह बात आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता मनीषा ने एक पत्रकार वार्ता में कही।
मनीषा ने कहा कि अक्सर महिलाओं को अपनी छोटी छोटी जरूरतों के लिए अपने सगे संबंधियों के आगे हाथ फैलाने पड़ते हैं। इसी को ध्यान में रखकर आप ने स्त्री सम्मान राशि देने की गारंटी दी है। इस गारंटी से जहां महिलाओं को आर्थिक तौर पर सहायता मिलेगी वहीं उन्हें किसी के आगे फैलाने की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाओं को ये सम्मान राशि पेंशन से अलग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव हो सकता है जब प्रदेश की महिलाएं आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान करेंगी। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश हित मे कई योजनाएं ला रही है जिसका फायदा ना केवल महिलाओं को होगा बल्कि हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। लिहाजा महिलाएं आप के पक्ष में मतदान करके एक मौका जरूर दें।
मुख्यमंत्री ने ज्वाली में प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की
ज्वाली में खंड विकास कार्यालय खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि जवाली में एक नया विकास खंड कार्यालय खोला जाएगा और क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल को 100 बिस्तरों के अस्पताल में स्तरोन्नत किया जाएगा। ‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोहों की कड़ी में आज कांगड़ा जिले के जवाली विधानसभा क्षेत्र के ज्वाली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं कीं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देश की जनता से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्र और तिरंगे के प्रति गौरव, स्नेह और सम्मान की भावना पैदा करना है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार प्रदेश भर में 75 कार्यक्रम आयोजित करके इस महत्वपूर्ण अवसर को शानदार तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य के गौरवमयी विकासात्मक, सांस्कृतिक और राजनीतिक सफर से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी नेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों, किसानों और सबसे बढ़कर उन सभी लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने हिमाचल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने हिमाचल को देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श राज्य बनाने तथा सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद भी किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 प्रबंधन के मामले में हिमाचल देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि इस महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के अन्य राज्यों में फंसे लगभग ढाई लाख लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने उस कठिन दौर और संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने से भी परहेज नहीं किया। इन नेताओं ने कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम शुरू करके महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। महिलाओं को यह रियायत राजनीतिक कदम नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के प्रदेश सरकार के संकल्प की दिशा में एक छोटा कदम है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने शगुन योजना, गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद जैसी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं के कारण असहाय लोगों के लिए प्रदेश सरकार की सहारा योजना वरदान साबित हो रही है। इन असहाय लोगों को प्रतिमाह 3000 रुपये की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी सरकार ने गरीब और जरुरतमंद लोगों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू करने के बारे में नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं है, वह राज्य के लोगों को दस गारंटी दे रही है।
जय राम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से राज्य में डबल इंजन सरकार सुनिश्चित करने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने का आग्रह किया ताकि विकास की गति को निर्बाध बनाए रखा जा सके। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय टालियां को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना- मेरी पॉलिसी मेरे हाथ का भी शुभारम्भ किया।
मुख्यमंत्री ने ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 9.11 करोड़ रुपये लागत की चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए। जिसमें हरनोटा बनोली रोड को जोड़ने के लिए नारियल पनोला से गांव चचियां तक लिंक रोड पर बनोली खड्ड पर 2.52 करोड़ रुपये लागत से निर्मित पुल, बनोली से चचियां सड़क मार्ग पर बनोली खड्ड पर 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल, हरनोटा बनोली से चचियां मस्तगढ़ जौंटा रोड पर बुहाल खड्ड पर 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल और ग्राम पंचायत हार के खब्बल में 2.70 करोड़ रुपये लागत से निर्मित गौ अभयारण्य शामिल है।
इस अवसर पर ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोेगों का स्वागत करते हुए कहा कि ज्वाली में डिग्री महाविद्यालय खोलने की लंबे समय से चली आ रही मांग को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए ज्वाली में विकास खंड कार्यालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
वन मंत्री राकेश पठानिया, इंदौरा की विधायक रीता धीमान, पूर्व सांसद कृपाल परमार, पंजाब के पूर्व मंत्री के.डी. भंडारी, ओ.पी. चौधरी, फतेहपुर से भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव ठाकुर, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
पीएम किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत सभी लाभार्थियों को दो दिन के भीतर अपना eKYC करवाना जरूरी।
एसडीएम नूरपुर अनिल भारद्वाज ने कहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत उपमंडल के सभी लाभार्थियों को eKYC करवाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि eKYC करवाने की अंतिम तिथि 31अगस्त, 2022 निर्धारित की गई थी और जिसकी अवधि अब समाप्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भी उपमंडल में काफी लोगों के द्वारा ये प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों के द्वारा अभी तक eKYC नहीं करवाई गई है, उन्हें सितंबर महीने में मिलने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त जारी नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने सभी लाभार्थियों से अगले 2 दिन के भीतर अपनी eKYC प्रक्रिया को पटवारी, पंचायत सचिव और लोकमित्र केंद्र के माध्यम से सुनिश्चित करवाने की अपील की है। लाभार्थी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं भी प्रक्रिया को पूर्ण कर सकते हैं।
***
अगर आपने अभी eKYC नहीं करवाई है तो तुरंत CSC (लोक मित्र केंद्र) दुर्गा कम्प्यूटर एंड कम्युनिकेशन, धमेटा रोड जसूर में पधारें
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने आज वीरवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की बरंडा पंचायत में 30 लाख रुपए से बनाए गए बरंडा से सेरी संपर्क मार्ग तथा बलखोड़ा में तीन लाख रुपए की लागत से निर्मित संगम महिला मंडल भवन का उद्वघाटन किया।
वन मंत्री ने कहा कि वे हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत हैं । उन्होंने कहा कि इस पंचायत में सड़कों पुलों के निर्माण पर साढ़े चार वर्षों में 3 करोड़ रुपए व्यय किये जा चुके हैं। बरंडा-कुट्टा- मावा रोड के बनने से इस क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इसके अलावा बरंडा-चन्दराह सड़क के विस्तार एवम सुधारीकरण के लिए इसे नाबार्ड के तहत शामिल किया गया है।
उन्होंने पंचायत में करवाए गए विकास कार्यों पर बोलते हुए कहा कि पेयजल समस्या के सुधारीकरण पर लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपए व्यय किये जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त बिजली की कम वोल्टेज की समस्या को देखते हुए जहां पांच नए ट्रांसफार्मर लगाए गए है वहीं दो नए ट्रांसफार्मर शीघ्र ही लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि बरंडा पंचायत में सड़कों-पुलों, पेयजल सुधार, स्वास्थ्य सेवा के ढांचे के सुदृढ़ीकरण के अलावा विद्युत लाइनों के सुधार तथा शिक्षण संस्थान खोलने को विशेष प्राथमिकता दी गई है ताकि लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि पक्का टियाला में अलग पंचायत बनने के बाद बरंडा के लिए अलग पटवार सर्कल खोला गया है जिससे राजस्व कार्यों के निपटारे में तेजी आएगी।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया। इसके पश्चात उन्होंने कमनाला पंचायत के मुगतियाल गांव में भी लोगों की समस्याओं को सुना।
इस मौके पर तहसीलदार सुरभि नेगी, लोक निर्माण के एसडीओ सुखविंद्र सिंह, जल शक्ति विभाग के एसडीओ अनुराग शर्मा, बीडीसी सदस्य शकुंतला शर्मा, उप प्रधान सुरेश (नीटू), बरंडा कृषि सहकारी सभा के प्रधान बलकार सिंह, भाजपा नेता कैप्टन रविंद्र सिंह, स्वर्ण मनकोटिया, नरेंद्र शर्मा, भाजपा महिला जिला मोर्चा महामंत्री बबली देवी, भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विराट धीमान, महिला मंडल प्रधान श्रेष्ठा देवी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के प्रमुख धार्मिक स्थल सिद्धपीठ शक्तिस्थल श्री माता नागनी मंदिर भडवार के सेवादल सदस्यों ने हर वर्ष की भांती इस वार भी शुक्रवार को सातवें मेले की पूर्व संध्या पर जसूर से लेकर माता नागनी के भवन तक पैदल शोभा यात्रा का आयोजन किया। सेवादल के सदस्यों ने शुक्रवार को जसूर से एक बिशेष वाहन पर माता नागनी का भव्य दरवार सजा कर बैंड बाजों, ढोल नगाड़ों और माता नागनी के जयघोष के साथ भवन के लिए प्रस्थान किया। यात्रा जसूर से शुरू होकर जाच्छ, बौड़, न्याजपुर, चैगान, खुशीनगर, बागनी व बाणी से होती हुई देर शाम नागनी माता मंदिर भडवार पहुंचीं जहाँ सेवादल के सदस्यों ने झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की। इस दौरान विभिन्न जगहों पर माता नागनी के भक्तों द्वारा शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा में नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन भी बिशेष तौर पर शामिल हुए उन्होंने जसूर में माता नागनी की पूजा अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और सेवादल के सदस्यों के साथ पैदल यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान सेवादल सदस्यों ने अजय महाजन को मां की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।
बतातें चलें कि नागनी माता सेवादल पिछले लगभग पैंतालीस बर्षों से जसूर से भवन तक शोभायात्रा का आयोजन करता आ रहा है। कुछ बर्ष पूर्व केवल 7 मेले होते थे और सातवें मेले की पूर्व संध्या पर सेवादल पैदल यात्रा कर मां के भवन पहुंचकर अपनी सेवा को विराम देता था, लेकिन माता नागनी की कृपा से पिछले कुछ सालों से 9 मेले मनाये जाने लगे हैं लेकिन अब भी सेवादल की पैदल यात्रा सातवें मेले के पूर्व संध्या पर ही आयोजित होती है और सेवादल नौ मेलों में निःशुल्क सेवा जिसमें मंदिर में आने वाले भक्तों को कोई कष्ट न हो इसके लिए तमाम सुविधाएं प्रदान करने की जिम्मेदारी उठाते हैं।
प्रगतिशील हिमाचल के नाम पर कार्यक्रम आयोजित कर बीजेपी सरकार करोड़ों रूपये अपने राजनीतिक हित साधने के लिये बर्बाद कर रहीं है लेकिन गाय के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई यह भाजपा सरकार गौ वंश पर आए लंपी नामक संकट से बचाने के प्रति कतई संवेदनशील नहीं है। गौ वंश में फैली लंपी बीमारी विकराल रूप धारण कर चुकी है और इस बीमारी को रोकने के लिये सरकार द्वारा कोई भी कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यह कहना है जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन का।
महाजन ने आरोप लगाया कि गौ वंश में फैली बीमारी क्षेत्र में गंभीर रूप धारण करती जा रही है लेकिन सरकार इसकी रोकथाम के लिए कोई भी वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवा रही है और पशु पालकों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
महाजन ने आरोप लगते हुए कहा कि जहाँ एक और सरकार अपने राजनीतिक कार्यक्रमों में मस्त है तो वहीँ प्रदेश और क्षेत्र में दुधारू पशु जो कि किसानों की आय का एक मुख्य साधन हैं, लंपी रोग से ग्रसित होकर उपचार के लिए तरस रहे हैं लेकिन इस बीमारी की रोकथाम के लिए सरकार नें अभी तक कोई उचित कदम नहीं उठाए हैं। इससे पता चलता है कि इस गंभीर विषय पर सरकार कितनी सम्वेदनशील है।
महाजन ने कहा कि चुनावों के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि गाय के सरंक्षण और बेसहारा पशुओं की समस्या को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आश्रय स्थल बनाये जाएंगे, लेकिन लगभग पांच साल के कार्यकाल में इस बारे कोई कारगर कदम भाजपा सरकार द्वारा नहीं उठाए गए। जिससे न केवल सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही हैं बल्कि किसानों को खेती करना भी मुश्किल हो गया है।
नूरपुर खण्ड के स्कूलों की अंडर-19 लड़कियों की खेलों का सोमवार को शहीद जगजीत सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटपलाहड़ी में समापन हो गया। जिसमें कारगिल युद्ध में शहीद के भाई जगतार सिंह तथा पंचायत प्रधान जय सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। गौरतलब है कि तीन दिवसीय टूर्नामेंट का वन मंत्री राकेश पठानिया ने शुभारम्भ किया था। इस टूर्नामेंट में तीस स्कूलों की 265 छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
वॉलीबॉल के मुकाबलों में जीएसएसएस लदोड़ी विजेता जबकि हटली जम्बाला की टीम उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में जीएसएसएस औन्द पहले जबकि रिट स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। खो-खो में कोटपलाहड़ी स्कूल प्रथम और जीएसएसएस कंडवाल द्वितीय स्थान पर रहा। इसके अतिरिक्त बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीएसएसएस कंडवाल ने पहला जबकि जाच्छ स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया।
वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया द्वारा राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव के सफल आयोजन पर अपनी ओर से आज रविवार को वाटिका होटल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री द्वारा महोत्सव के आयोजन में सक्रिय योगदान देने के लिए लगभग 200 लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि इतने कम समय में इस भव्य आयोजन को करवाना एक चनौतिपूर्ण व कठिन कार्य था, लेकिन सभी विभागों ने मिलजुल कर टीम भावना और आपसी तालमेल से इस महोत्सव को भव्य व यादगार बनाया है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं तथा शूरवीरों की धरती नूरपुर का धार्मिक और पुरातन गौरवशाली इतिहास विद्यमान है। शोभा यात्रा, झांकियों तथा कार्यक्रमों के आयोजन से इस क्षेत्र को एक और नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जनता के सहयोग से इस महोत्सव को प्रदेश के अन्य बड़े आयोजनों के बराबर का दर्जा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से नूरपुर को विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान मिल सके।
उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए श्री बृजराज स्वामी मंदिर कमेटी, सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा कार्यक्रमों में भाग लेने बच्चों, झांकियों के सदस्यों तथा लोगों का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह महोत्सव अपनी उच्च परम्पराओं तथा पहचान के साथ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
इस अवसर पर एसडीएम अनिल भारद्वाज , एएसपी सुरेंद्र शर्मा, तहसीलदार सुरभि नेगी, एनपीएस के प्रबन्ध निदेशक अरविंद डोगरा सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के मुखिया तथा अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन ने 8 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर किया शिफ्ट
वन मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का किया दौरा
उपमंडल नूरपुर के तहत खेल पंचायत के बरियारा गांव में गत रात्रि भारी बारिश के चलते जमीन धंसने से आठ परिवारों के 7 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। रविवार सुबह वन मंत्री राकेश पठानिया ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया तथा राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सांत्वना देते हुए सरकार की ओर से हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों के सुरक्षित स्थानों पर तुरन्त पुनर्वास तथा फौरी राहत देने के भी निर्देश दिए।
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान करने के साथ एनडीआरएफ द्वारा उपलब्ध करवाए गए अस्थाई टेंटों में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं एनडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग व जनशक्ति विभाग की टीमें मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में जुट गई हैं।