Wednesday, April 27, 2022

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल के निर्णय: पंचायत प्रधानों सहित अन्यों के बढ़े मानदेय, हिमकेयर की वैधता अब 3 साल

हिमाचलविज़िट 27 अप्रैल 2022 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम को मृत्यु एवं सेवानिवृति ग्रेच्यूटी तथा सेवानिवृत अवकाश नगदीकरण की लम्बित देनदारियों के भुगतान के लिए प्रतिस्पर्धात्मक दरों पर बैंकों से 110 करोड़ रुपये का ऋण लेने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा गारन्टी प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमण्डल ने पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों के मानदेय में वृद्धि करने को स्वीकृति प्रदान की। जिला परिषद के अध्यक्ष का मानदेय 12500 रुपये से बढ़ाकर 15000 रुपये, उपाध्यक्ष का मानदेय 8000 रुपये से बढ़ाकर 10000 रुपये, सदस्य का मानदेय 5000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये, जबकि पंचायत समिति के अध्यक्ष का मानदेय 7000 रुपये से बढ़ाकर 9000 रुपये, उपाध्यक्ष का मानदेय 5000 रुपये से बढ़ाकर 6500 रुपये, सदस्य का मानदेय 4500 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रतिमाह करने को स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत प्रधान का मानदेय 4500 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये, उप-प्रधान का मानदेय 3000 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये तथा सदस्य का मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिमाह करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने लगभग 43 वर्षों के उपरान्त शिमला योजना क्षेत्र के लिए विकास योजना को स्वीकृति प्रदान की। अभी तक अंतरिम विकास योजना लागू की जा रही थी।
मंत्रिमण्डल ने मण्डी जिला की ग्राम पंचायत झुंगी को विकास खण्ड गोहर से अलग कर इसे विकास खण्ड निहरी में शामिल करने का निर्णय लिया।
मंत्रिमण्डल ने सोलन जिले के जयनगर में लोक निर्माण विभाग का उप-मण्डल सृजित कर यहां विभिन्न श्रेणियों के छः पद भरने को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में जिला शिमला के बलगार में लोक निर्माण विभाग का नया अनुभाग खोलने को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमंडल ने कृषि यंत्रीकरण पर केन्द्र प्रायोजित उप मिशन के तहत कस्टम हायरिंग केंद्रीय योजना के अन्तर्गत कृषि कार्य हेतु खरीदे गए ट्रैक्टरों के पंजीकरण के लिए कम से कम 5 कनाल कृषि योग्य भूमि होने की शर्त में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने सोलन योजना क्षेत्र की विकास योजना में संशोधन प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति प्रदान की।
मंत्रिमंडल ने मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति उप मंडल बग्गी-द्वितीय के अन्तर्गत हटगढ़ में जल शक्ति विभाग का अनुभाग और जल शक्ति उप मंडल गोहर के अन्तर्गत सैंज में एक अनुभाग खोलने का निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने मण्डी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग उपमंडल पधर के अन्तर्गत बल्ह रोपा (चौहार घाटी) में जल शक्ति विभाग का अनुभाग खोलने का भी निर्णय लिया।
मंत्रिमंडल ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिमला में इंस्ट्रक्टर फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट का एक पद, स्टेट ऑफ द आर्ट राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुन्नी में इंस्ट्रक्टर कोपा का एक पद व इंस्ट्रक्टर सूचना प्रौद्योगिकी का एक पद, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर में इंस्ट्रक्टर इलेक्ट्रीशियन का एक पद सृजित कर भरने को अपनी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र के सुरला शैक्षणिक खण्ड के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कोलावाला के गांव रिगड़वाला में नई प्राथमिक पाठशाला खोलने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मण्डी जिला की ग्राम पंचायत कसौड़ के बांदल में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों का सृजन कर उन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने क्षेत्र के लोगों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से मण्डी जिले की ग्राम पंचायत तांदी के बाखली में स्वास्थ्य उप-केन्द्र खोलने को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल चम्बा में 200 बिस्तर क्षमता के भवन निर्माण के लिए वन विभाग के वन्य जीव विंग के पांच पुराने एवं असुरक्षित सरकारी भवनों को गिराने को मंजूरी प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिला के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में बीएससी पैरा मेडिकल टैक्नोलॉजी के तीन वर्षीय डिग्री कोर्स की वर्तमान 26 सीटों को बढ़ाकर 54 सीटें करने के लिए अनिर्वायता एवं व्यवहार्यता प्रमाण पत्र एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया।
बैठक में सिरमौर जिला की पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ में आवश्यक पदों के सृजन सहित जल शक्ति विभाग का नया मण्डल खोलने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमण्डल ने राजीव गांधी राजकीय आयुर्वेदिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय पपरोला में पीजी विद्यार्थियों के सटाइपेंड में अप्रैल, 2022 से प्रतिमाह 8000 रुपये की वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में सिरमौर जिला की रेणुका विधानसभा क्षेत्र की ददाहु तहसील के गांव कंडोबेला में नया आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन के साथ उन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमण्डल ने चालू वित्त वर्ष से हिमाचल प्रदेश के कतिपय प्रवर्गों के वेतन और भत्तों पर आयकर का संदाय अध्यादेश, 2022 को लागू करने की स्वीकृति प्रदान की। अब मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधानसभा अध्यक्ष, उपापध्यक्ष और विधायक व्यक्तिगत रूप से आयकर भरेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना के अन्तर्गत तीन वर्षाें के लिए प्रीमियर दरों को 1000 रुपये अथवा 365 रुपये तथा इसकी वैधता को तीन वर्ष बढ़ाने को भी कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में इस योजना के अन्तर्गत नए कार्डों का पंजीकरण वर्ष भर करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

Saturday, April 16, 2022

20 अप्रैल को लदोड़ी में लगेगा स्वास्थ्य मेला।


आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में ज़िला के 13 स्वास्थ्य खण्डों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 से 22 अप्रैल तक स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है । इसी कड़ी में नूरपुर स्वास्थ्य खंड के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लदोड़ी में 20 अप्रैल को स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम अनिल भारद्वाज ने आज स्थानीय मिनी सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
मेले के आयोजन बारे जानकारी देते हुए बीएमओ डॉ नीरजा गुप्ता ने बताया कि वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया प्रातः 11 बजे कार्यक्रम का उदघाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मौके पर रक्तदान शिविर तथा योगा सेशन भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों के चेकअप तथा टेस्ट भी निःशुल्क किए जाएंगे, जबकि विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इस मौके पर पात्र लोगों के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड बनाने सहित आयुष्मान भारत डिज़िटल मिशन में युनीक आईडी बनाने तथा इसके उपयोग बारे जानकारी दी जाएगी।

बीएमओ ने बताया कि मेले में लोगों को विभिन्न रोगों के बारे में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ समय पर टेस्ट तथा उपचार करवाने बारे परामर्श दिया जाएगा। इस मौके पर डॉक्टरों द्वारा स्वस्थ व खुशहाल जीवन जीने के लिए उचित खानपान एवं व्यवहार अपनाने के बारे में भी मूलमंत्र दिया जाएगा। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पधार कर लाभ उठायें।

Thursday, April 14, 2022

नूरपुर बनेगा खेल नगरी: राकेश पठानिया

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 14 अप्रैल 2022
वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बुजुर्गों के साथ आज वीरवार को बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय मिनी सचिवालय के प्रांगण तथा बदूही पंचायत में उनकी प्रतिमाओं का अनावरण किया तथा पुष्पांजलि अर्पित की । इस मौके पर प्रदेश एससी-एसटी विकास निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वन मंत्री ने डॉ अंबेडकर को नमन किया और समाज के वंचित वर्ग के लिए उनके संघर्ष को सलाम किया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने स्वतंत्र भारत को एक मजबूत नींव दी है, ताकि देश अपनी लोकतांत्रिक विरासत को मजबूत करते हुए आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित तबकों को मुख्यधारा में लाने में उनका संघर्ष हर पीढ़ी के लिए मिसाल बना रहेगा।
उन्होंने युवाओं से बाबासाहेब के जीवन और विचारों से सीख लेकर उनके उच्च आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
श्री पठानिया ने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर बोलते हुए कहा कि सड़कों, पुलों, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य तथा शिक्षा पर करोड़ों रुपए के विकास कार्य गत सवा चार वर्षों के दौरान उनके द्वारा करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वे नूरपुर को खेल नगरी के रूप में पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नूरपुर में भव्य इंडोर स्टेडियम तथा पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके।
मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को वितरित किये 350 गैस कनेक्शन:
इस मौके पर वन मंत्री ने पांच पंचायतों की 350 महिला लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत गैस कनेक्शन वितरित किये। उन्होंने बताया कि ज़िला में पिछले चार वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 67 हज़ार गैस कनेक्शन वितरित किये गए हैं, जिनमें से नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में ही लगभग 5500 गैस कनेक्शन महिलाओं को वितरित किये गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत प्रतिवर्ष मुफ्त में मिलने वाले दो रसोई गैस सिलिंडर की जगह अब तीन गैस सिलिंडर दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे पहले, बदूही पहुंचने पर वन मंत्री को पगड़ी पहना कर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान वन मंत्री ने बदूही में अंबेडकर भवन बनाने के लिए 10 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, तहसीलदार सुरभि नेगी, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा (शिबू), उपाध्यक्ष रजनी महाजन, कार्यकारी अधिकारी आशा वर्मा, जिला परिषद जगदीश बग्गा, अर्पणा देवी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएस राणा, भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप पाठक, महासचिव जोगिंदर सिंह, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष केवल सिंह, भाजपा ज़िला महामंत्री राजेश काका, एनजीओ नूरपुर के अध्यक्ष राजेश सहोत्रा, बदूही पंचायत की प्रधान कृष्णा देवी, उप प्रधान राजेश चिब सहित नगर पार्षद, बीडीसी और पंचायतों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Friday, April 8, 2022

दी कृषि सहकारी सभा समिति छतरोली के प्रधान बने विवेक सोनू


दी छत्रोली कृषि सहकारी सभा समिति का हाई प्रोफाईल हो चुका चुनाव शुक्रवार को सम्पन्न हुआ जिसमें विवेक शर्मा सोनू को प्रधान तथा निर्मल कुमार को उपप्रधान नियुक्त किया गया। गौर तलब है कि उक्त सभा के कुल नौ वार्ड बनाए गए थे जिसमें सात उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे जबकि दो वार्डों के लिए सदस्यों का चुनाव मतों के जरिए करवाया गया था और सभा के कुल 9 सदस्य बने थे। एक सप्ताह तक चले इस ड्रामे का शुक्रवार को पटा पैक्ष हो। नंबरदार रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए चुनाव में सर्वसम्मति से विवेक सोनू और निर्मल कुमार को प्रधान व उपप्रधान चुना गया। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रधान विवेक सोनू ने कहा कि सभा द्वारा उन्हें अहम जिम्मेदारी दी गई है सभी सदस्यों को साथ लेकर सभा को सुदृढ़ और सशक्त बनाने के लिए पुरजोर प्रयास किया जाएगा।
विदित है कि चुनाव में कहीं न कहीं राजनीतिक दल भी अंदर खाते सक्रिय थे ताकि अपने व्यक्ति को उक्त पद पर बैठाया जा सके। कांग्रेस ने भी अपने नेता और ट्रक यूनियन जसूर के प्रधान यशपाल पप्पू को इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए लगा रखा था जिनकी रणनीति काम आई और कांग्रेस समर्थित विवेक और निर्मल दोनों ने प्रधान और उपप्रधान पद पर बाजी मारी। नवगठित कार्यकारिणी के सदस्य जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन से मिले और उनके साथ अहम मंत्रना की। इस अवसर पर सुशील डडवाल , बिल्ला धालीवाल , तरसेम मिन्हास , राहुल धालीवाल , सुरेश चौधरी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।


Sunday, April 3, 2022

ABVP संगठनात्मक जिला नूरपुर प्राचीन शिव मंदिर मठोली में बैठक का आयोजन

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 03 अप्रैल 2022
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संगठनात्मक जिला नूरपुर की जिला स्तरीय बैठक जसूर स्थित प्राचीन शिव मंदिर मठौली में रविवार को आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई व आगामी कार्यक्रमों व गतिविधियों की योजना बनाई गई। बैठक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रांत के प्रांत मंत्री विशाल वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विशाल वर्मा ने बताया कि विद्यार्थी परिषद शिक्षा क्षेत्र में कार्य करते हुए युवाओं को नेतृत्व प्रदान करते हुए विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बनकर उभरा है। विद्यार्थी परिषद विभिन्न शैक्षणिक व सामाजिक मुद्दों पर अपना मत व्यक्त करते हुए उन्हें समाधान की ओर ले जाने का कार्य करती है। जिला बैठक में नूरपुर जिला के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद द्वारा किए जाने वाले कार्यों हेतु योजना बनाई गई।
बैठक में जिला प्रमुख इंदरजीत, जिला संगठन मंत्री साहिल चंदेल तथा जिला नूरपुर के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Monday, March 28, 2022

जनमंच कार्यक्रम 3 अप्रैल को पंचायत सुखार में: मंत्री राकेश पठानिया करेंगे अध्यक्षता

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 28 मार्च 2022
3 अप्रैल को सुखार पंचायत में आयोजित होगा जनमंच कार्यक्रम
वन मंत्री राकेश पठानिया करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
नूरपुर उपमंडल के तहत सुखार पंचायत में  रविवार, 3 अप्रैल को 25वें जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसकी अध्यक्षता वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज सोमवार को स्थानीय मिनी सचिवालय में आयोजित बैठक में एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि इस जनमंच कार्यक्रम में विकास खंड की 12 पंचायतों को शामिल किया गया है ।
एसडीएम ने बताया कि जनमंच कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र की 12 पंचायतों जिनमें सुखार, चरुड़ी, अनोह, पंजाहड़ा, अगार, धनेटी, ग्योरा, भलेटा, कमनाला, जाच्छ, बासा वजीरां तथा बासा पंचायतों के लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा। उन्होंने बताया कि इन पंचायतों में जनमंच कार्यक्रम से पहले 29 मार्च से पहली अप्रैल तक प्री-जनमंच गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें विभागीय अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निपटारा सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि 29 मार्च को सुखार, चरुड़ी, अनोह पंचायतों में प्री-जनमंच कार्यक्रम होंगे, जबकि 30 मार्च को पंजाहड़ा, अगार, धनेटी, 31 मार्च को ग्योरा, भलेटा, कमनाला तथा पहली अप्रैल को जाच्छ, बासा वजीरां तथा बासा पंचायतों के लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि इसके अलावा जनमंच दिवस के मौके पर इन पंचायतों के लोगों की शेष समस्याओं को सुनकर उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार दफ्तरों के चक्कर ना लगाने पड़ें।
उन्होंने बताया कि प्री-जनमंच की अवधि में भूमिहीन पात्र लोगों की पहचान के अलावा इंतकाल के लम्बित मामलों का समाधान कर जन्म एवं मृत्यु और एससी, एसटी व ओबीसी प्रमाणपत्र मौके पर ही बनाए जाएंगे। इस दौरान नौकरी तथा न्यायालय में लंबित मामलों को शामिल नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनमंच में शामिल पंचायतों के लोग प्री-जनमंच की अवधि में अपनी समस्यायों के बारे में अपनी पंचायत में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस कार्यक्रम का पूरा लाभ उठाने की अपील की है।

Sunday, March 27, 2022

लोक निर्माण विभाग जनजातीय भवन निर्माण में अटका रहा रोड़े: मदन भरमौरी

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल)
अखिल भारतीय गद्दी जनजातीय विकास समिति के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन भरमौरी ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य अनंत नायक से नई दिल्ली में भेंट कर हिमाचल प्रदेश के जिला काँगड़ा के नूरपुर स्थित जसूर में जनजातीय भवन निर्माण कार्य ना करने के बारे में अवगत करवाया। 
भरमौरी ने अनंत नायक से गरीब गद्दी जनजातीय समुदाय की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त्त विषय के वारे में जनजातीय बिकास विभाग हिमाचल प्रदेश एवं हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग को अतिशीघ्र  जसूर स्थित चिन्हित जगह पर तुरंत जनजातीय भवन निर्माण कार्य शुरू करवाने की गुहार लगाई।
भरमौरी ने कहा कि गद्दी समुदाय एक जनजाति समुदाय है जो जिला कांगड़ा व चंबा जिला के पांगी व भरमौर में काफी संख्या में निवास करते हैं। नूरपुर मे जनजाती का कोई भी भवन समुदाय के समारोह एवं अन्य सुविधा के लिए नहीं है जिससे जनजातीय समुदाय के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गरीब गद्दी जनजातीय समुदाय के लोग किसी भी प्रकार का कार्यक्रम बड़े-बड़े होटलों या बरात घरों में नहीं करवा सकते हैं जिसके लिए  जसूर में जनजातीय भवन का निर्माण होना अति आवश्यक है।
भरमौरी ने कहा कि  सारी औपचारिकता पूरी करने के बाद जनजातीय भवन, नूरपुर के निर्माण हेतु दिनांक 18-09-2017 को 2.50 करोड़ की धनराशि हिमाचल प्रदेश ने अनुमोदित/ मंजूर कर दी एवं जनजातीय बिकास विभाग ने 18-09-2017 को 1.50 करोड़ की पहली किस्त हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग को भी दे दी गई एवं दिनांक 12/07/2019 को ठेकेदार को काम (कार्य) जनजातीय भवन, नूरपुर का अवार्ड भी कर दिया लेकिन अब 6 बर्ष बाद भी हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग जनजातीय लोगों की सुविधा के लिए जन-जातिय भवन का कार्य नहीं करवा रहा। 

Thursday, March 24, 2022

हिमाचल के कन्दरौड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सैंकड़ों व्यक्तियों को मिलेगा रोज़गार: जय राम ठाकुर

(समाचार हिमाचल) 24 मार्च 2022  
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा जिला के कन्दरौड़ी औद्योगिक क्षेत्र को हिमाचल प्रदेश के अगले फार्मास्यूटिकल हब के रूप में चिन्हित किया गया है और इस औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए अनेक फार्मास्यूटिकल व न्यूट्रास्यूटिकल इकाइयों ने अपनी रूची दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्दरौड़ी औद्योगिक क्षेत्र पंजाब और हिमाचल की सीमा पर स्थित है तथा यहां सड़क, रेल और हवाई सम्पर्क की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दे रही है।
उन्होंने कहा कि कन्दरौड़ी में न्यूट्रास्यूटिकल इकाई स्थापित करने के लिए मेफ्रो ऑरगेनिक लिमिटेड ने आज 100 करोड़ रुपये के निवेश सम्बन्धी समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है, जिसके माध्यम से 200 व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व, कन्दरौड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 70 करोड़ रुपये के निवेश वाले ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट ऑफ न्यूट्रास्यूटिकलज को स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया है, जिससे 300 व्यक्तियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इसे मिलाकर क्षेत्र में लगभग 170 करोड़ के निवेश और 500 व्यक्तियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य और विशेषकर कांगड़ा क्षेत्र में औद्योगिक विकास पर विशेष बल दे रही है। राज्य उद्योग विभाग को इन्वेस्टमेंट आऊटरीच प्रोग्राम के तहत क्षेत्र में और अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से न केवल क्षेत्र की आर्थिकी सुदृढ़ होगी, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति ने राज्य सरकार की ओर से समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। वहीँ मेफ्रो ऑरगेनिक लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक अमित चड्डा ने कम्पनी की ओर से समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया।
डमटाल इन्डस्ट्री एसोसिएशन के महासचिव सुभाष महाजन ने कांगड़ा क्षेत्र को औद्योगिक केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए स्थानीय उद्योगों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

Wednesday, March 23, 2022

मुख्यमंत्री ने किया नालागढ़ हेरिटेज पार्क में शहीद स्मारक का लोकार्पण: शहीदों के परिजन भी सम्मानित

(समाचार हिमाचल) 23 मार्च 2022
शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरू एवं सुखदेव को दी भावभीनी श्रद्धांजलि----
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिला के नालागढ़ में शहीदी दिवस के अवसर पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नालागढ़ हेरिटेज पार्क में नालागढ़ हेरिटेज सोसायटी द्वारा जनसहयोग से निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण भी किया। नालागढ़ में जन सहभागिता से निर्मित इस हेरिटेज पार्क के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं।
उन्होंने इस अवसर पर नालागढ़ उपमण्डल के 08 शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देश उन वीर सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व त्याग कर दिया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की शहादत ने जन-जन के मन में क्रान्ति और साहस की ऐसी अलख जगाई कि आज देश की स्वतन्त्रता के उपरान्त भी यह विभूतियां युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज इन तीन क्रान्तिकारियों की स्मृति में हम शहीदी दिवस मना रहे हैं। उन्होंने जन-जन का आह्वान किया कि इन महान क्रान्तिकारियों के आदर्शों को जीवन में उतारें। यही सभी क्रान्तिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि स्वतन्त्रता संग्राम में हिमाचल के वीरों का भी अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें और कर्तव्य निष्ठा के मार्ग का सदैव अनुसरण करें।
मुख्यमंत्री ने तदोपरान्त हेरिटेज पार्क का निरीक्षण किया और इसके रखरखाव के सम्बन्ध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने अवसर पर वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद रामसरण के, वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद प्रदीप सिंह के, वर्ष 2002 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जसविन्द्र सिंह के, वर्ष 2003 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद सुरेन्द्र सिंह तथा शहीद रामरत्न के, वर्ष 2019 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद शिव सिंह तथा शहीद गुरमेल सिंह एवं वर्ष 1976 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद रघुबीर सिंह के परिजनों को सम्मानित किया।
उन्होंने हेरिटेज पार्क के निर्माण में योगदान के लिए एलीन एप्लाइन्सिस के संयंत्र प्रमुख जे.एस. कांग तथा टोरेंट फार्मा बद्दी के संयंत्र प्रमुख सोमेन मेहती को भी सम्मानित किया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के विधायक लखविन्द्र राणा, नालागढ़ के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भारतीय, प्रदेश जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल, जिला भाजपा सोलन के अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, भाजपा मण्डल नालागढ़ के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ऋचा वर्मा, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं शहीदों के परिजन इस अवसर पर उपस्थित थे।

Monday, March 14, 2022

राष्ट्रीय गद्दी मिलन एंव वार्षिक समारोह 6 नवम्बर 2022 को: मदन भरमौरी

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 14 मार्च 2022
अखिल भारतीय गद्दी जनजातीय विकास समिति (पंजीकृत) का राष्ट्रीय गद्दी मिलन एंव वार्षिक समारोह 6 नवम्बर 2022 को करने का निर्णय लिया गया एंव दिनांक 23-03-2022 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय संगीत, नृत्य, नाटक एंव अकादमी (भारत सरकार) के सौजन्य से अकादमी के प्रांगण मे आखिल भारतीय गद्दी जनजातीय समिति द्वारा भरमौर से गद्दीयाली मेहक ग्रुप,श्री सुरेन्द्र पटियाल के नेतृत्व (सहयोग ) से राष्ट्रीय संगीत अकादमी (भारत सरकार) नई दिल्ली मे कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा : श्रीकांत शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव।
अखिल भारतीय गद्दी जनजातीय विकास समिति (पंजीकृत) की बैठक राष्ट्रीय वा• उपाध्यक्ष, टेक चन्द शर्मा की अध्यक्षता मे हुई। राष्ट्रीय वा• उपाध्यक्ष मदन भरमौरी ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय महासचिव श्रीकांत शर्मा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष , श्री रमेश भरद्वाज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री रविन्द्र मन्हास, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री धीरज कुमार जी, राष्ट्रीय सचिव श्री बिक्रम जीत शर्मा एंव श्री राम किशोर ठाकुर जी राष्ट्रीय सलाहकार एंव राष्ट्रीय प्रचार सचिव, श्री गिरधारी लाल जी एंव अन्य राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य उपास्थित रहे । गद्दी समुदाय के उत्थान एंव कल्याण के लिए कर्मठ सदस्य मौजूद रहे और साथ में बैठक में गद्दी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, संस्कृति उत्थान एंव कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। 
अखिल भारतीय गद्दी जन-जातीय विकास समिति (पंजीकृत) का जो राष्ट्रीय गद्दी मिलन समारोह 2020 को होना निश्चित हुआ था। वैश्विक कोरोना महामारी के कारण स्थगित किया गया था। अब समिति के सदस्यों के द्वारा राष्ट्रीय गद्दी मिलन एंव वार्षिक समारोह 6 नवम्बर 2022 को करने का निर्णय लिया गया ।
समिति की जितनी भी इकाईयां काम कर रही है उनको मजबूत करना ओर जो इकाई ठीक ढंग से कार्य नही कर रही है। वहाँ पर नई कार्यकारणी का गठन किया जाए। पहले वैश्विक कोरोना महामारी के कारण कुछ निर्णय नही लिए जा रहे थे। मगर अब सभी इकाइयों को मजबूत करना समिति का पहला लक्ष्य होगा।
राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी (भारत सरकार) द्वारा अखिल भारतीय गद्दी जन-जातीय विकास समिति (पंजीकृत) दिनांक 23-03-2022 को राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम, नई दिल्ली मे प्रस्तुत करने के लिए गद्दी समुदाय की बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है । इस कार्यक्रम को प्रस्तुत करने के लिए भरमौर से गद्दीयाली मेहक ग्रुप, श्री सुरेन्द्र पटियाल के नेतृत्व मे, राष्ट्रीय संगीत अकादमी (भारत सरकार) नई दिल्ली मे कार्यक्रम प्रस्तुत करने आ रहे है। जिसका पूरा व्यय (खर्चा) राष्ट्रीय संगीत अकादमी, भारत सरकार द्वारा उठाया जाएगा।
 
भरमौर विधान सभा क्षेत्र में 29 पंचायते ऐसी हैं जिनको अब तक जन जातीय दर्जा नहीं दिया गया है। उस विषय में भी समिति के सदस्यो के द्वारा जन-जातीय दर्जा दिलाने के सम्बन्ध मे चर्चा हुई । यह मामला कई सालों से लंबित पडा है। नूरपुर में जनजातीय छात्रावास का मामला भी भारत सरकार के समक्ष रखा जाएगा। 
गद्दी समुदाय सम्बन्धित जो संस्था अपने-अपने स्तर पर कार्य कर रहीं है। उन सबको बिना राजनीतिक एवं निजी मतभेद भूलाकर अखिल भारतीय गद्दी जन-जातिय विकास समिति (पंजीकृत) के साथ समन्वय (affiliation) जोडने एवं सम्बन्धित समिति/सभा/संगठन । समुदाय की एकजुटता से ही समुदाय का उत्थान एवं कल्याण किया जा सकें न कि राजनीति करके ।
कुछ लोगो ने अपने प्रचार-प्रसार एंव कमाई के लिए गद्दी समुदाय की संस्कृति जो गलत ढंग से प्रस्तुत करने लगे है । गद्दी समुदाय की संस्कृति के साथ खिलवाड किया जा रहा है। इस विषय के ऊपर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। गद्दी की पुरानी संस्कृति के साथ खिलवाड़ और आस्तित्व व भुलाऐ जा रहे रीति-रिवाज को बचाने के लिए समिति समुदाय के बुद्धिजीवी महानुभावों से चर्चा करके पूरे भारतवर्ष मे कार्य करेगी ।
उतराला-होली सड़क का निर्माण कार्य बैजनाथ की ओर से भतढेलू के आगे एवं भरमौर की ओर से सुरैही (लाकेवाली माता) के आगे से शुरु हो। ताकि कॉगडा-चम्बा की दूरी भी कम हो ओर जनता को भी इसका आर्थिक, सामाजिक एंव पर्यटक की दृष्टि से लाभ मिल सके। अगर सम्भव हो सके । तो होली-उतराला सड़क का निर्माण कार्य किसी बड़ी कम्पनी से करवाया जाए । ताकि समय पर निर्माण कार्य किया जा सके । इस विषय पर माननीय मुख्यमन्त्री एंव सम्बंधित विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ भी कई बार पत्राचार किया चुका है ।
डा• राजेन्द्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, कांगड़ा स्थित टांडा मैं जनजातीय विकास समिति जन-जातीय भवन बनाएगी निर्माण के सम्बन्ध मे इस विषय पर माननीय मुख्यमन्त्री एवं सम्बन्धित विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ पत्राचार भी हो चुका है इस विषय पर चर्चा की गई।
नूरपुर क्षेत्र के जसूर में जन-जातीय भवन निर्माण करने के लिए जमीन आवंटित हुई है लेकिन आजतक कार्य शुरु नही हुआ है और कई वर्षो से राजनीतिक कारणों से लंबित पडा है। इससे संबंधित कई बार मुख्यमन्त्री से पहले भी समिति आग्रह कर चुकी है मगर अभी तक कोई ठोस नतीजा नही आया है। माननीय मुख्यमन्त्री से आग्रह है कि जहाँ गद्दी समुदाय को सुविधा हो उसी जगह जसूर में ही भवन बनाये जाने के बारे मे चर्चा हुई। प्रदेश सरकार और भारत सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। 
इन्दिरा गान्धी जन-जातीय विश्वविद्यालय चम्बा में भी अनूपपूर (मध्यप्रदेश) का क्षेत्रीय परिसर खोलने का आग्रह किया जाऐगा । जिससे क्षेत्र के युवाओ को घर द्वार पर ही उच्चतर शिक्षा की सुविधाऐ प्राप्त होगी , इससे गद्दी समुदाय की प्राचीन संस्कृति के अध्यन एंव संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमन्त्री एंव सांसद सदस्य के साथ भी पत्राचार करके आग्रह किया जाएगा।
समस्त भारत वर्ष में गद्दी समुदाय को अखिल भारतीय गद्दी जन-जातीय विकास समिति (पंजीकृत) ही गद्दी समुदाय को एकमाला में पुरो सकती है न कि छोटे छोटे WhatsApp एवं Facebook ग्रुप बना कर, समुदाय के महानुभावों से अनुरोध है कि आपसी मतभेद भूलाकर अखिल भारतीय गद्दी जन-जातीय विकास समिति ( पंजीकृत) के साथ मिलकर एक जूट हो, ताकि एकजुटता के साथ ही गद्दी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान एवं कल्याण किया जा सकता है ।

Tuesday, March 8, 2022

स्वयं सहायता समूह को रिवाल्विंग फंड में 25 हजार रुपये की वन टाइम अतिरिक्त राशि: जय राम ठाकुर

(समाचार हिमाचल) 08 फरवरी 2022
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला मंडी के धर्मपुर स्थित चोलथरा में आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित महिला स्वाभिमान दिवस कार्यक्रम की शिमला से वर्चुअल माध्यम से अध्यक्षता की।
इस अवसर पर महिला दिवस की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिवस महिलाओं के सम्मान और समृद्धि के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का भी एक मौका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं में उद्यमिता की भावना का पोषण करने से उनके आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हो, इस ध्येय की ओर निरंतर आगे बढ़ने में प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 32000 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिनमें लगभग 2 लाख 50 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में महिलाओं की सहायता के लिए मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना की घोषणा की गई है। इसके तहत ग्राम संगठन से जुड़े स्वयं सहायता समूह को रिवाल्विंग फंड में 25 हजार रुपये की वन टाइम अतिरिक्त राशि टॉप-अप के रूप में दी जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1700 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 9000 रुपये मासिक मानदेय प्रदान किया जाएगा। इस बढ़ोतरी को सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 4550 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक 900 रुपये बढ़ोतरी के साथ अब 6100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसको सम्मिलित करके प्रदेश सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में 3100 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है। आंगनबाड़ी सहायिका को प्रति माह 900 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 4700 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसे सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 2600 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है। आशा वर्कर को 1825 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4700 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसको सम्मिलित करके प्रदेश सरकार द्वारा अपने वर्तमान कार्यकाल में 3700 रुपये की प्रतिमाह बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री ने आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाज कल्याण की दिशा में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने कोरोना संकट काल के दौरान उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर के विकास में महिलाओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की बेटियां देश भर में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर प्रदेश और धर्मपुर का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं और अधिकांश विकास परियोजना को पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
आदर्शनी वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्षा बंदना गुलेरिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और संस्था की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही महत्वकांक्षी योजनाओं से महिलाओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर मुख्यमंत्री के साथ शिमला में उपस्थित थे। हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी, अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा डॉ. साधना ठाकुर, विशेष ओलंपिक की अध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा, मृदुला प्रधान, रशिम धर सूद, कंगना रनौत, वरिष्ठ अधिकारी कुमुद सिंह और प्रभा राजीव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। चोलथरा में आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. डेज़ी ठाकुर, वंदना गुलेरिया सहित वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Sunday, March 6, 2022

हमसफ़र सोसायटी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नूरपुर में कार्यक्रम आयोजित

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 06 मार्च 2022
हमसफ़र सोसायटी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज रविवार को स्थानीय वाटिका पैलेस में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । जिसमें एस.डी.एम. अनिल भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि डीएसपी सुरेन्द्र शर्मा तथा सोसायटी की अध्यक्षा सुमन कौशल, संस्थापक सलामू दीन इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस मौके पर हमसफ़र की ओर से विकास खण्ड स्तर पर कार्य कर रहे 5 सर्वश्रेष्ठ महिला मंडलो व 5 स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त विभागों से डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, सीडीपीओ संतोष कुमारी, तहसील कल्याण अधिकारी अनुराधा, भाजपा मंडलाध्यक्ष कुलदीप पाठक, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हमीद मोहम्मद, पुलिस चौकी कंडवाल में महिला आरक्षी रंजना देवी, स्वाथ्य विभाग की ओर से डॉक्टर आशुतोष सिविल अस्पताल नूरपुर, वार्ड सिस्टर शशि बाला, सुमन कुमारी, लैब तकनीशियन सावित्री देवी ,सफाई कर्मचारी केवल सिंह व तृप्ता देवी, ग्रामीण विकास विभाग से कार्यवाहक समाज शिक्षा अधिकारी व पंचायत सचिव समीर सहोत्रा, पंचायत सचिव संजय कुमार को सम्मानित किया गया, समाज सेवियों में कॉर्ड सस्था की अंजू व अनुपमा, नूरपुर ब्लड डोनर क्लब के अध्यक्ष राजीव पठानिया , ब्रदर्स ग्रुप ऑफ गंगथ, मीनाक्षी नन्दा, गृहणी स्वयं रोजगार संघ के सी.ई.ओ. अशोक पठानिया, हरदीप सिंह, कर्नल डी.एस. मनकोटिया, जतिंदर सिंह, कान्वेंट स्कूल प्रबंधन, किसानों में कुशल शर्मा , पवन कुमार ,रशपाल पठानिया, सुदर्शन, पंकज शर्मा, सास ससुर की सेवा करने वाली बहुओं में सीमा देवी, ममता शर्मा व किरण देवी, वेस्ट उप प्रधान सिकन्दर राणा पंचायत पंदरेड, पूर्व प्रधान कुलदीप पाठक, वीना देवी प्रधान औन्द सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले प्रतिनिधियों, समाजसेवियौं व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सोसायटी के उपाध्यक्ष अजीज मोहम्मद, बबली देवी, महासचिव एडवोकेट भारत शर्मा, अजीत कुमार, मीडिया प्रभारी जमात अली, नीलम खान, मोनिका, प्रीति देवी, रंजन, पंकज धीमान, दीपक ठाकुर, मुख्य सलाहकार कमलेश शर्मा, नरेश शर्मा, सुनील भारद्वाज, अनमोल शर्मा, गफूर खान आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वहीं मुख्य अतिथि द्वारा बी डी ओ नूरपुर श्याम सिंह, जिला परिषद अर्पणा देवी को सोसायटी की तरफ से समानित किया, कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत भाषण मुख्य सलाहकार कमलेश शर्मा के भाषण से की गई। इस मौके पर महिला मंडलो और स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी प्रस्तुतियां दी गईं।।

Friday, March 4, 2022

कांग्रेस पार्टी की डिजिटल सदस्यता अभियान के लिए ब्लॉक नूरपुर से अनुराग धीमान नामांकनकर्ता

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 04 मार्च 2022 
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस डिजिटल सदस्यता अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजीव भवन शिमला द्वारा हिमाचल के सभी ज़िलों के विभिन ब्लॉक की डिजिटल मेम्बरशिप नामांकनकर्ता एक लिस्ट जारी  की गई है। लिस्ट में 72 नामांकनकर्ताओं के नाम शामिल हैं। इस अभियान के तहत मोबाइल ऐप से डिजिटल फॉर्म भर कर कांग्रेस पार्टी की डिजिटल सदस्यता दिलवाई जाएगी। 
ब्लॉक नूरपुर डिजिटल मेम्बरशिप नामांकनकर्ता के लिए नूरपुर के वार्ड नंबर 8 निवासी और कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता अनुराग धीमान का चयन किया गया है। अनुराग को इस से पहले युवा कांग्रेस सोशल मीडिआ स्टेट कोर्डिनेटर, ब्लॉक इंटेक अध्यक्ष आदि की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा चुके हैं। अनुराग धीमान ने अपने इस चयन पर अजय महाजन, गौरव महाजन (रिपु) व  अम्बर महाजन का आभार प्रकट किया है। 
अनुराग ने कहा की इस अभियान को सफल बनाने के लिए वे जी जान से मेहनत करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस पार्टी की डिजिटल सदस्यता दिलवाने का भरसक प्रयास करेंगे।