Wednesday, December 22, 2021

रैहन की बेटी ने बिना कोचिंग के NORCET में हासिल किया 1129वां रैंक

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 22 दिसंबर 2021
 
जिला काँगड़ा के उपमंडल फतेहपुर के गॉंव सकोह (रैहन) के एक मध्यमवर्गीय परिवार की बेटी मालविका ने बिना किसी कोचिंग के नोरसैट- Nursing Officer Recruitment Common Eligibility Test (NORCET) परीक्षा में देश भर में 1129वां रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि क्षेत्र के साथ हिमाचल का नाम भी रोशन किया है। मालविका ने साबित कर दिया कि बेटियां भी अगर लग्न और मेहनत से कोशिश करें तो कोई भी मुकाम हासिल करना मुश्किल नहीं है। मालविका के पिता सुजान सिंह आईपीएच में कार्यरत हैं जबकि माता ललिता देवी गृहिणी हैं। मालविका का एक छोटा भाई भी है। बेटी की इस कामयाबी पर गांववासियों व रिश्तेदारों ने माता-पिता व मालविका को बधाई दी है।
मालविका ने बताया कि उसने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई टैगोर माडल स्कूल तथा 10+2 गर्वनमैंट स्कूल रैहन से की है। मालविका ने बताया कि उसके बाद दो साल नीट की कोचिंग के बाद उसका सिलैक्शन आल इंडिया मैडिकल इंस्टिट्यूट मे बीएससी ओनर नर्सिंग के लिए हो गया। आल इंडिया मैडिकल इंस्टिट्यूट ऋषिकेश में चार साल का कोर्स कि 2020 को पूरा हुआ। वहीँ कोर्स पूरा होने के बाद वहां नौकरी भी की। तत्पश्चात उसने नौकरी छोड़ कर नोरसैट की तैयारी घर पर रह कर ही की और उसमें आल इंडिया लेवल में 1129वां रैंक हासिल किया।
मालविका की इस कामयावी पर उसके दादके और नानके दोनों तरफ ख़ुशी का माहौल है।

Tuesday, December 21, 2021

नूरपुर: गंगथ में महिला से चिट्टा/हेरोइन बरामद

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 21 दिसंबर 2021 

पुलिस थाना क्षेत्र नूरपुर की पुलिस चौकी गंगथ के तहत पुलिस ने एक औरत से हेरोइन/चिट्टा और नकदी बरामद करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी औरत के घर पर छापा मार कर उसके घर से हेरोइन/चिट्टा और नकदी बरामद की है।
डीएसपी नूरपुर सुरेंदर शर्मा ने मामले के पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि उक्त महिला अवैद नशे के कारोबार में संलिप्त है। जिसके आधार पर पुलिस ने स्थानीय पंचायत प्रधान एवं वार्ड सदस्य की उपस्थिति में बंदना पत्नी संजीव कुमार निवासी गंगथ, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के आवास की तलाशी ली गयी तो तलाशी के दौरान उसके पास से 8.29 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और 22,500 रूपये के करेंसी नोट बरामद हुए। पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।




Saturday, December 18, 2021

नई पीढ़ी की बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि पी' का डीआरडीओ द्वारा सफलतापूर्वक परीक्षण

(समाचार हिमाचल) 18 दिसंबर 2021
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 18 दिसंबर, 2021 को 1106 बजे ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से नई पीढ़ी की परमाणु सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल 'अग्नि पी' का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। विभिन्न टेलीमेट्री, रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल स्टेशन और पूर्वी तट के साथ स्थित डाउन रेंज जहाजों ने मिसाइल ट्रेजेक्टरी और मानकों को ट्रैक किया तथा उनकी निगरानी की। इस मिसाइल ने उच्च स्तर की सटीकता के साथ सभी मिशन उद्देश्यों को पूरा करते हुए अपने लक्ष्य का अनुसरण किया।
अग्नि पी डुअल रिडनडेंट नेविगेशन तथा मार्गदर्शन प्रणाली के साथ एक दो चरणों वाली केनिस्ट्राइज्ड सॉलिड प्रोपेलेंट बैलिस्टिक मिसाइल है। इस दूसरे उड़ान परीक्षण ने प्रणाली में एकीकृत सभी उन्नत प्रौद्योगिकियों के भरोसेमंद प्रदर्शन को साबित किया है।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ को बधाई दी और प्रणाली के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. जी सतीश रेड्डी ने कई अतिरिक्त विशेषताओं के साथ दूसरी विकास उड़ान परीक्षण करने के लिए टीम के प्रयासों की सराहना की तथा एक ही कैलेंडर वर्ष के भीतर लगातार सफलता के लिए बधाई दी।

HRTC पेंशनर कल्याण संघ सरकार के खिलाफ उतरेगा सड़कों पर: जानिए क्यों

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 18 दिसंबर 2021 
हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संघ की बैठक शनिवार को नूरपुर में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स ने देरी से मिलने वाली पेंशन को लेकर चिंता जताई। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संघ के महासचिव रघुवीर सिंह ने बताया कि परिवहन निगम के पेंशनर्स की समस्या का आज दिन तक स्थाई समाधान नही निकाला गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कभी भी समय पर पेंशन नही मिलती जिस कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कमर्चारियों के इतने मसले लंबित हैं जिन्हें लेकर कोई भी कदम सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन द्वारा नही उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज तक सरकार ने कई कर्मचारियों के भत्तों की अदायगी नही की जिस कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाए अन्यथा पूर्व कर्मचारियों को सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।   


डीएसपी नूरपुर सुरेन्द्र शर्मा ने 3 कर्मियों को किया सम्मानित: जानिए क्यों

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 18 दिसंबर 2021
नशे के खिलाफ छेड़े अभियान में बेहतरीन ढंग से कार्य करने वाले और पिछले 3 महीने में नशे के इस अवैद कारोवार में संलिप्त 31 लोगों को सलाखों के पीछे पहुँचाने वाले नारकोटिक्स विभाग में कार्यरत तीन कर्मियों को मेहनत और लग्न से कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है। 
डीएसपी नूरपुर सुरेन्द्र शर्मा ने पिछले तीन महीने में बढ़िया कार्य करने पर नारकोटिकस के तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया है। सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि एएसआई हामिद, हैड कांस्टेबल विपिन ओर हैड कांस्टेबल अर्जुन को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने पिछले तीन महीनों में 31 केसों में एनडीपीएस के तहत 19 पुरुष व 12 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।


Friday, December 17, 2021

छठे राज्य वित्त आयोग की अवधि 31 अक्तूबर, 2022 तक बढ़ाने की अनुशंसा

(समाचार हिमाचल) 17 दिसंबर 2021 


छठे हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग की तीसरी बैठक आज आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग की अवधि 31 अक्तूबर, 2022 तक बढ़ाने की अनुशंसा की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि छठे राज्य वित्त आयोग का कार्यकाल 31 दिसम्बर, 2021 को समाप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग की 26 मार्च, 2021 को आयोजित दूसरी बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि पंचायती राज और शहरी विकास विभाग की ओर से स्थानीय निकायों की आय व व्यय के ब्यौरे तथा अन्य जानकारियों से सम्बन्धित प्रश्नावली सभी स्थानीय निकायों को सूचना प्रदान करने के लिए प्रेषित की जाए। इन विभागों के परामर्श पर अप्रैल, 2021 के अंत तक प्रश्नावली तैयार कर ली गई थी। इस बीच कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर ने पूरे देश सहित हिमाचल प्रदेश में भी विपरीत प्रभाव डाला और पूर्णबंदी के कारण मई, 2021 में सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की सीमित उपस्थिति में कार्य चलता रहा।
उन्होंने कहा कि जून, 2021 के अन्त तक सभी स्थानीय निकायों को यह प्रश्नावली भेज दी गई थी। इसके उपरांत से आयोग द्वारा स्थानीय निकायों से वांछित सूचना प्राप्त करने के लिए लगातार सम्पर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक लगभग 20 प्रतिशत स्थानीय निकायों से ही सूचना प्राप्त हो सकी है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर-नवम्बर, 2021 में हुए उप चुनावों में सम्बन्धित स्टाफ की ड्यूटी के कारण भी स्थानीय निकायों से यह सूचना प्राप्त करने में विलम्ब हुआ है।
आज की बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग का कार्यकाल 31 दिसम्बर, 2021 से बढ़ाकर 31 अक्तूबर, 2022 करने की अनुशंसा प्रदेश सरकार से की गई है। सदस्य सचिव छठा राज्य वित्त आयोग एवं सलाहकार (योजना) डाॅ. बासु सूद ने आयोग के अध्यक्ष का स्वागत एवं बैठक का संचालन किया। बैठक में आयोग के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

रा.व.मा.पाठशाला बरंडा में एनएसएस कैंप की शुरुआत

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 17 दिसंबर 2021
शुक्रवार को उपमंडल नूरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरंडा में एनएसएस कैंप की शुरुआत की गई। कैंप की शुरुआत एसएमसी अध्यक्ष कुलदीप और प्रिंसिपल रशपाल गुलेरिया की अध्यक्षता में की गई। यह कैम्प 17 दिसंबर से लेकर 23 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान आज़ाद सिंह, जगरूप सिंह, मुनीश देवी, रवि प्रकाश, प्रताप भारती, सुलखन सिंह, रमेश सिंह, खेम राज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 
वहीं प्रधानाचार्य ने साप्ताहिक कैंप की शुरुआत में बच्चों को एकता और अनुशासन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अनुशासन में रहकर ही एक अच्छा व्यक्ति बना जा सकता है और जीवन में अपने तय लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि एकता में ही बल है, यदि देश एक है तो कोई भी बाहरी ताकत उस पर आंख उठाकर नहीं देख सकती।

तीन मंत्री करते रहे चैनलों के समक्ष अपनी तथाकथित कार्यकुशलता का प्रदर्शन: सुदर्शन शर्मा

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 17 दिसंबर 2021 

जयराम सरकार जहाँ अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ धर्मशाला में पांच दिवसीय शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान प्रवास पर थी वहीँ तमाम संगठनों को उम्मीद थी कि उनकी समस्याओं का समाधान इस सत्र के दौरान होगा। लेकिन एक बार फिर वही डाक के तीन पात वाली कहावत सिद्ध हुई। इस दौरान मंत्री लोग धर्मशाला के आसपास विश्राम गृह, महंगे होटलों के मेहमान बन कर शान से रहते रहे। लेकिन आम जन मानस को फिर मायूस होना पड़ा और उनके हाथ कुछ नहीं लग पाया। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा का। 
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के दौरान करोड़ों रुपए का खर्च हुआ। लेकिन जनता को क्या मिला? विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा डंडों की मार। उन्होंने कहा कि जोरावर स्टेडियम में प्रदर्शनकारियों की निर्मम पिटाई की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कई संगठन पांच दिन अपने हक की खातिर धर्मशाला में प्रदर्शन करते रहे लेकिन सिवाए आश्वासन के ने कुछ नहीं दिया। जिनमें मुख्यता फोरलेन मुआवजा समाधान के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले से 25 संगठन डटे रहे। ओपीएस की बहाली के लिए प्रयासरत प्रदर्शनकारी भी आश्वासन तक सीमित रहे। आउटसोर्स संगठन वाले भी सरकार के आश्वासन से आगे नहीं बड़ सके। स्वर्ण आयोग के गठन की घोषणा जरूर मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा परिसर से की गई, बाकि तमाम संगठनों को सरकार की ओर से निराशा ही हाथ लगी। 
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने इस पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र को राजनीतिक हनीमून सत्र की संज्ञा दी।
सुदर्शन शर्मा ने कहा कि विपक्ष को न सुनना अक्सर विधानसभा की दिनचर्या में देखा गया। कांग्रेस द्वारा कई ज्वलंत मुद्दे जनहित में उठाए गए जिनको सतापक्ष द्वारा अनसुना करना विधानसभा की कारगुजारी का हिस्सा बना रहा। सता पक्ष द्वारा वॉकआउट का माहौल बनाना और विपक्ष को वॉकआउट के लिए मजबूर करना भी सता पक्ष का एजेंडा बना रहा। जिस कारण कांग्रेस को कई बार सदन से वॉकआउट करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इतना जरूर देखने को मिला कि आकर्षण का केंद्र बनने के लिए विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में तीन मंत्री अपनी तथाकथित कार्यकुशलता का प्रदर्शन करने के लिए जरूर चैनलो के समक्ष उपस्थित होते रहे। 


Wednesday, December 15, 2021

आधुनिक पब्लिक स्कूल, जसूर में हस्तलेखन प्रतियोगिता आयोजित

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 15 दिसम्बर 2021
आधुनिक पब्लिक स्कूल, जसूर में आयोजित हस्तलेखन प्रतियोगिता में विद्यालय के पहली कक्षा से लेकर दसवीं कक्षा तक के करीव 200 बच्चों ने भाग लिया। कोरोना के कारण पिछले करीव दो साल के बाद स्कूल खुलने पर पहली बार किसी प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल में किया गया। 
बच्चों की लिखवट को सुधारने में स्कूल अध्यापकों व अभिभावकों ने इस प्रतियोगिता में विशेष भूमिका निभाई। लंबे समय के बाद बहुत से बच्चों को लिखने में समस्या पैदा हो रही थी। पहली से दसवीं तक के छात्रों में हिंदी और अंग्रेजी के सुलेख को अच्छा व साफ-सुथरी लिखाई बनाकर 25 मिनट के समय में पूरा करने के लिए दिया गया था। जिसमें कक्षा पहली से आरुही, दूसरी से नक्ष व दिशिता, तीसरी से अंश, चौथी से कृतिका, मानस, हरप्रीत, पांचवी से जसमीत, भूमिका, नन्दिनी, छ्ठी से रिया, शिवांगी, सातवीं से ज्योति, आठवीं से प्रतिभा, राशि, नवमी से निखिल और दसवीं से सोनाली व साक्षी ने सबसे बढिया व सुन्दर सुलेख लिख कर अपनी -2 कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाध्यापक सुशवीन पठानिया व निर्मल ठाकुर ने हस्तलेखन प्रतियोगिता में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। साथ ही सभी अध्यापकों को भी बच्चों की लिखावट में सुधार के लिए सहयोग करने के लिए आभार प्रकट किया और भविष्य में भी बच्चों को अपनी लिखाई में पहले से भी अधिक सुधार लाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

Sunday, December 12, 2021

वरिष्ठ उपाध्यक्ष फोरलेन संघर्ष समिति सुदर्शन शर्मा ने नूरपुर में की प्रेस वार्ता

राकेश शर्मा(समाचार हिमाचल) 12 दिसंबर 2021 


प्रेस वार्ता के दौरान सुदर्शन शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में चल रहे पांच दिबसीय शीतकालीन सत्र के दौरान प्रतिपक्ष नेता ब कांग्रेस के तेज तर्रार विधायक द्वारा सत्ता पक्ष को बहुत ही चतुराई से घेरने से फोरलेन प्रभावितों के फैक्टर टू की आस की किरण की उम्मीद जगने से प्रदेश के करीब एक लाख परिवार असमंजस की स्थिति से गुजर रहे है।सरकार द्वारा दिया जा रहा भू अधिग्रहण मुआवजा एक पक्षीय है जिसमे,विल्लिंग सैलर, विल्लिंग बायेर, की परिभाषा को नज़रंदाज़ किया गया है। जिसके मुख्य बिंदु इस प्रकार है।
1. भू अधिग्रहण अधिकारी नूरपुर द्वारा अर्जित भूमि के दौरान सरकार द्वारा निश्चित मापदंडों को पूर्णतया नजरंदाज करके मात्र भूमि खरीदने वाले का ही पक्ष देखा गया जबकि भूमि मालिकों के हकों का पूर्णतया शोषण किया गया है। जिसका ज्वलंत उदाहरण नूरपुर में देखने को मिला।
2. भू अधिग्रहण कानून 2013 को हिमाचल सरकार द्वारा लागू नहीं करना जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब ब अन्य कई राज्यों में भू अधिग्रहण कानून राज्यो ने लागू किया।स्पष्टीकरण दे सरकार।
3. इतिहास में भू अधिग्रहण मुआवजा को एक ही उद्देश्य हेतु एक ही मुहाल के एक ही खसरा संख्या को तीन तीन अवार्ड बना कर पिक एंड चूज की नीति को आधार बनाया गया ऐसा क्यों?स्पष्टीकरण दे सरकार।
4. राष्ट्रीय उच्च मार्ग परियोजना के निर्माण कार्य के प्रथम चरण में मुख्य व्यापारिक संस्थान जसूर, जाच्छ, बोड , के मात्र तीन किलोमीटर के दायरे के जद में आ रहे परिवार असमंजस में है कि अति विशेष क्षेत्र जिसका सरकार के रेहनुमाओ ने राजस्व किस्म को कमर्शियल की बजाए कृषि घोषित करके प्रभावितों के साथ जबरन बहुत बड़ा धोखा किया है। जबकि क्षेत्र के तमाम व्यापारियों ने तीन वर्ष का अर्जित जीएसटी का लेखा जोखा सरकार को पांच अरब का दिया है। जिसका आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड भी सरकार को दिया। लेकिन नूरपुर प्रशासन ने विसंगतियों को दूर करने का प्रयास नहीं किया।जबकि सरकार द्वारा जाच्छ,छत्रोली,राजा का बाग प्रति मारला मात्र 32000 रुपए दिया जा रहा है जोकि भद्दा मजाक है। जिसका सरकार स्पष्टीकरण दे।
5. नूरपुर प्रशासन के तत्कालीन भू अधिग्रहण अधिकारी द्वारा मूल्यांकन निर्धारित में हद तो तब हो गई जब प्रथम चरण के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के कलेरा मुहाल में भू अधिग्रहण मूल्यांकन निर्धारण में बहुत बड़ी चूक कर दी गई। जिसका तरोताजा उदाहरण आरटीआई के दौरान देखने को मिला,, 31मार्च 2019 को कलेरा मुहाल का सर्किल रेट प्रति वर्ग मीटर आधिकारिक मूल्य मात्र पच्चपन रुपए था और 01 अप्रैल 2019 को प्रति वर्ग मीटर 4000 रुपए हो जाता है। एक ही रात में ऐसी कोन सी रजिस्ट्री कलेरा में हो जाती हैं। जिस कारण भू अधिग्रहण अधिकारी द्वारा मूल्य निर्धारण करना उचित समझा।
6. मूल्य निर्धारण में लोहा और सोने का मूल्य एक बराबर आंका गया। जबकि बंजर जमीन का 14000 रुपए प्रति वर्ग मीटर रेट निर्धारित किया गया जोकि अभी तक भी कम है। लेकिन राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मात्र 4000 प्रति वर्ग मीटर निर्धारित किया गया जोकि पीड़ितों के साथ सरासर धोखा है। सरकार को अतिशीघ्र समाधान हेतु नव गठित उपसमिति को निर्देश दिए जाए और प्रदेश में नूरपुर से फोरलेन संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को भी विश्वास में लेकर उचित कार्यवाही अमल में लाई जाए।

Wednesday, December 8, 2021

आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर: ABVP द्वारा मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन

राकेश शर्मा (समाचारहिमाचल) 08 दिसंबर 2021 
बुधवार 8 दिसंबर को आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् महाविद्यालय इकाई नूरपुर द्वारा महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मूल सुविधाओं की पूर्ति की मांग को लेकर महाविद्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय के राजनीतिक शास्त्र विभाग में रिक्त चल रहे पद को शीघ्र अति शीघ्र भरने की मांग भी की गई। इसके साथ ही महाविद्यालय में सफाई व्यवस्था पर उचित ध्यान दिए जाने की मांग महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखी गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् महाविद्यालय इकाई नूरपुर के सदस्यों का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् सदैव विद्यार्थी हित को केंद्र में रख कर चलता आया है और आगे भी विद्यार्थी हित के लिए कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद् के इकाई मंत्री अमित कुमार सहित उनके कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tuesday, December 7, 2021

HRTC: चालकों के रिक्त पदों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी

(समाचारहिमाचल) 07 दिसंबर 2021

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC), शिमला द्वारा अनुबंध के आधार पर चालक के रिक्त पदों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है। सभी पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार चालक पद के लिए आवेदन कर सकते हैं:-



Monday, December 6, 2021

जानिए कहां: मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों की सौगात

(समाचारहिमाचल) 06 दिसंबर 2021                                              

लगभग 32 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन
9.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त कार्यालय भवन का शिलान्यास
दो विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये देने की भी घोषणा
40 मीटर लम्बे पुल का निर्माण किया जाएगा 
हेलीपैड भी बनाया जाएगा
2100 करोड़ रुपये से नए पर्यटन स्थल विकसित किये जाएंगे
बीड़-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए 10 करोड़
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को मण्डी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के झटिंगरी में लगभग 32 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन किये। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-दो के अन्तर्गत 25.19 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत घटासनी-बरोट सड़क, ऊहल नदी पर 1.96 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लांजनू पुल और 4.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बरोट-मायोत सड़क का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के छोटा भंगाल क्षेत्र के मुल्थान में 9.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त कार्यालय भवन का शिलान्यास किया और मुल्थान में 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय डिग्री काॅलेज भवन का भूमि पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने मुल्थान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए इस क्षेत्र में एक आईटीआई खोलने की घोषणा की और दोनों विधायकों को इसके लिए भूमि चयनित करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बीड़ से बड़ागांव सड़क का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोट में एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी और मुल्थान में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के लोगों की सुविधा के लिए खण्ड विकास अधिकारी हर महीने मुल्थान में पांच दिन बैठेंगे और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारड़ी में विज्ञान खण्ड के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेहतर नेटवर्क सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए बरोट में एक टावर स्थापित करने के लिए एयरटेल और जियो के अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोहारड़ी सड़क पर शीघ्र ही 40 मीटर लम्बे पुल का निर्माण किया जाएगा और इस क्षेत्र में हेलीपैड भी बनाया जाएगा।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र को नई राहें नई मंजिलें योजना के तहत विकसित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को इस क्षेत्र में आने के लिए आकर्षित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरोट क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और अगर इसका सही तरीके से दोहन किया जाए तो यह पर्यटकों के लिए सबसे लोकप्रिय गंतव्य के रूप में उभर सकता है। उन्होंने अपने काॅलेज के दिनों में बरोट क्षेत्र की अपनी पहली यात्रा की यादें भी क्षेत्र के लोगों के साथ साझा कीं। उन्होंने कहा कि गत वर्षों के दौरान क्षेत्र में बहुत परिवर्तन हुआ है और यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनने जा रहा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि मुल्थान में काॅलेज भवन का निर्माण शीघ्र किया जाएगा ताकि क्षेत्र के विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार दुर्गम एवं दूर-दराज के क्षेत्रों के चहुंमुखी एवं संतुलित विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि भुबुजोत सड़क और भुबुजोत सुरंग के निर्माण के प्रयास जारी हैं, जिससे क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एशियन विकास बैंक परियोजना के अन्तर्गत बीड़-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए 10 करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन विकास बैंक परियोजना के अन्तर्गत राज्य के लिए स्वीकृत 2100 करोड़ रुपये से नए पर्यटन स्थल विकसित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग का एक दल क्षेत्र का दौरा करेगा ताकि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के ठहरने की सुविधा के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा सके।
विधायक बैजनाथ मुल्कराज प्रेमी ने मुल्थान में डिग्री काॅलेज भवन का भूमि पूजन करने और लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त कार्यालय भवन की आधारशिला रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बड़ा भंगाल क्षेत्र के लोगों को सोलर लाईटें उपलब्ध करवाने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की कुछ विकासात्मक मांगे भी रखीं।
विधायक द्रंग जवाहर ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने गत लगभग चार वर्षों के दौरान द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 451 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किये हैं। उन्होंने द्रंग और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले पुल के निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को भी रखा।
विधायक जोगिंद्रनगर प्रकाश राणा, ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राजबली, मंडल अध्यक्ष मंगत राम और पंकज जम्वाल, उपायुक्त कांगड़ा निपुण जिंदल और पुलिस अधीक्षक खुशाल शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।