Friday, February 17, 2023

भव्य शोभा यात्रा व पूजा अर्चना के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक काठगढ़ ज़िला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव

राकेश शर्मा (जसूर) 17 फरवरी 2023 
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत.....

विधायक मलेंद्र राजन भी रहे विशेष रूप से उपस्थित.....

मंदिर के रखरखाव व विकास कार्यों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 2 लाख रुपए देने की घोषणा.....
प्राचीन एवम ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ का तीन दिवसीय ज़िला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा व मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के साथ शुरू हुआ। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन, कृषि मंत्री की धर्मपत्नी कृष्णा चौधरी, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, शिव मंदिर कमेटी के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, मंदिर के मुख्य पुजारी महंत काली दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि मेले और त्यौहार हमारी आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं, जो हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का महात्म्य किसी न किसी देवी- देवता के नाम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्वों का आयोजन पीढ़ियों से करवाया जा रहा है। हमें पूर्वजों द्वारा सौंपी गई विरासत को सहेज कर रखना सभी की सामाजिक जिम्मेवारी है।
उन्होंने सभी शिव भक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्राचीन एवम ऐतिहासिक मंदिर का जहां सदियों पुराना इतिहास है वहीं यहां के महाशिवरात्रि उत्सव का अपना अलग महत्व है। उन्होंने कहा कि उनकी इस मंदिर के प्रति अटूट आस्था है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली तथा अन्य सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए वचनबद्ध है।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की है। इस योजना के तहत उपेक्षित वरिष्ठ नागरिकों, अनाथ बच्चों, विशेष रूप से सक्षम बच्चों और निराश्रित महिलाओं की बेहतर देखभाल के लिए नए एकीकृत घरों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से एक परिसर में अलग-अलग खण्डों में किया जाएगा।
हर खेत तक पहुंचाएंगे पानी.....
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए उन्होंने अपने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में ज्वाली तथा इंदौरा क्षेत्रों में सिद्धाथा तथा शाह नहर का निर्माण करवाया था। लेकिन आज भी कई क्षेत्रों में किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए वे प्रयासरत हैं। इसके अतिरिक्त शाह नहर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए जल शक्ति विभाग को आकलन तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नही रखी जायेगी।
इससे पहले, उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की तथा भव्य शोभा यात्रा में भाग लिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गए।
कृषि मंत्री ने मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित करवाई गई मेधावी छात्रवृति परीक्षा के विजेताओं को भी सम्मानित किया।
मंदिर के रखरखाव व विकास कार्यों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 2 लाख रुपए देने की घोषणा.....
कृषि मंत्री ने मंदिर के रखरखाव व विकास कार्यों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर के उत्थान व विकास कार्यों के लिये मेला कमेटी के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने मंदिर के उत्थान तथा महोत्सव के विस्तार के लिए मेला कमेटी को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भी भरोसा दिया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने भी अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व की सभी को बधाई दी । उन्होंने मंदिर कमेटी द्वारा मंदिर में विकास कार्यों के लिए रखी गई मांगों का जहां समर्थन किया वहीं अपनी तरफ से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
इससे पहले, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा मंदिर कमेटी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों पर जानकारी दी व मंदिर के विकास व सुधार के संदर्भ में अपनी मांगे रखी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मदन कांत, मेला अधिकारी एवम तहसीलदार विनोद कुमार टंडन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल किशोर, मंदिर कमेटी के उप प्रधान अजीत सिंह, महासचिव सुभाष शर्मा, प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।

Saturday, February 4, 2023

बल्ले बल्ले: गाय का दूध 80 तथा भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदेगी हिमाचल सरकार

समाचार हिमाचल: 04 फरवरी 2023
गृह जिला हमीरपुर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के आगमन पर उमड़े जन सैलाब ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारेबाजी और पुष्प वर्षा करते हुए गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। 
हमीरपुर के गांधी चौक में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपार जन समर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमीरपुर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस एवं सार्थक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में विश्व स्तरीय तकनीक युक्त चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय के पूर्ण होने के उपरांत लोगों को उपचार के लिए एम्स, टांडा, आईजीएमसी तथा अन्य निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग महाविद्यालय खोलने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा हमीरपुर में नया बस स्टैंड निर्मित करने के लिए बजट में धन का समुचित प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने हमीरपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इनडोर स्टेडियम खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गसोता महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा और ताल में पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोलने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है तथा अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं और कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों की मांग को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह प्रदान करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जो कहा, वह पूरा किया है। प्रदेश सरकार अपने सभी वायदों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजूबत करने के लिए एक हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। सरकार किसानों से गाय का दूध 80 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सत्ता सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं और इसमें सबका सहयोग अपेक्षित है। सामूहिक प्रयासों से ही हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोग उनका परिवार है। प्रदेश सरकार हिमाचल को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। उन्होंने कहा कि वह 40 वर्षों से भी अधिक समय से जन सेवा से जुड़े हुए हैं और लोगों के सुख-दुःख से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के पहले दिन से ही वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए आयु बढ़ाकर 27 वर्ष कर दी है और उन्हें घर बनाने के लिए चार बिस्वा जमीन भी दी जाएगी। साथ ही सरकार उनकी उच्च शिक्षा का खर्च भी उठाएगी।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत किया और उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश की जनता सरकार के साथ है।
विधानसभा क्षेत्र भोरंज से विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के विकास के लिए उम्मीद की नई किरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष व जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
बड़सर विधानसभा क्षेत्र से विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जीवन संघर्ष और जन-सेवा की मिसाल है। मुख्यमंत्री आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा और कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी इस अवसर पर संबोधित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अनीता वर्मा, मंजीत डोगरा, कांग्रेस नेता प्रेम कौशल, पुष्पिंदर वर्मा, राजेंद्र जार, उपायुक्त देवश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा, संगठन के पदाधिकारी और भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।