Friday, January 13, 2023

विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए होगा बैठकों का आयोजन: अपने जिला का जानिए कब होगा

समाचार हिमाचल: 13 जनवरी 2023 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 30 और 31 जनवरी, 2023 को वार्षिक बजट 2023-24 के लिए विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए विधायकों के साथ दो दिवसीय बैठकों का आयोजन हिमाचल प्रदेश सचिवालय आर्मजडेल भवन के कांफ्रेंस हाल में किया जाएगा।
30 जनवरी, 2023 को पूर्वाहन 10.30 बजे से 1.30 बजे तक चम्बा, शिमला और लाहौल-स्पीति तथा अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक ऊना, हमीरपुर, कुल्लू और सिरमौर जिले के विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएंगी।
31 जनवरी, 2023 को पूर्वाह्न 10.30 बजे से 1.30 बजे तक कांगड़ा व किन्नौर जिलों तथा अपराह्न 2 से 5 बजे तक सोलन, बिलासपुर तथा मण्डी के विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
इन बैठकों में वार्षिक बजट 2023-24 की विधायक प्राथमिकताओं के निर्धारण के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठकों में विधायकों से वर्ष 2023-24 के लिए मित्तव्ययता उपायों, वित्तीय संसाधन जुटाने एवं बेहतर प्रशासन के संदर्भ में प्राप्त सुझावों पर भी चर्चा होगी।


Thursday, January 5, 2023

मुख्यमंत्री ने खनियारा में न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा का किया अनावरण

05 जनवरी 2023

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला के खनियारा में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘न्यायमूर्ति महाजन सच्चे देशभक्त थे और जब भी हम इस प्रतिमा को देखेंगे, राष्ट्र के प्रति इनके योगदान को स्मरण करेंगे। मुझे आशा है कि हम इनकी विरासत से प्रेरित होंगे।’ उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि राज्य का सपूत प्रदेश के गठन से पूर्व ही देश के एक उच्च पद पर आसीन हुआ।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में न्यायमूर्ति महाजन के अतुलनीय योगदान का स्मरण किया और उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति महाजन को तत्कालीन जम्मू-कश्मीर का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। उन्होंने अक्तूबर 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत विलय में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत और पाकिस्तान की सीमाओं का निर्धारण करने के लिए नियुक्त रेडक्लिफ कमीशन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा नामित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति महाजन द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस विरासत को उनके पोते विवेक महाजन ने सीआईआई-एमसीएम बहु-कौशल प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से आगे बढ़ाया है। यह संस्थान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति महाजन एक सच्चे देशभक्त थे और यह प्रतिमा हमें उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए में प्रेरित करेगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में लगभग 6000 निराश्रित बच्चे हैं और मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत पहले ही दिन उन्होंने टूटीकंडी स्थित बालिका देखभाल संस्थान का दौरा कर इसकी कार्यप्रणाली की स्वयं जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाल देखभाल संस्थानों, नारी सेवा सदन, शक्ति सदन और वृद्धाश्रमों के आवासियों को त्यौहारों के अवसर पर 500 रुपये उत्सव अनुदान के रूप में देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये की धनराशि से ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष’ स्थापित करने का निर्णय लिया है ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे बच्चों के कौशल विकास, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर होने वाले व्यय को वहन करेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस फंड में अपना एक माह का वेतन प्रदान किया है और कांग्रेस के अन्य विधायक भी अपना एक महीने का वेतन देगें।
विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री का उनके गृह क्षेत्र में स्वागत किया।
न्यायमूर्ति मेहर चंद महाजन के पौत्र विवेक महाजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें ट्रस्ट द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव तजिंदर बिट्टू, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Wednesday, January 4, 2023

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्यों की 'व्हाट्सएप ग्रुप' बनाने की बात

04 जनवरी 2023 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के धर्मशाला से राज्य स्तरीय हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह और अन्य कांग्रेस के नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सफल भारत जोड़ो यात्रा का विस्तारित रूप है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे राज्य में 26 जनवरी, 2023 से शुरू होगा और दो माह तक गांव और खण्ड स्तर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत हर गांव में कम से कम एक बैठक सुनिश्चित की जाएगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस अभियान को विस्तृत रूप से प्रचारित करने के लिए आउटडोर विज्ञापन की रणनीति बनाई जाए और इसके प्रचार में इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया को भी व्यापक रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाये जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस महीने की 19 तारीख को हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ श्रीनगर में समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया यह विशाल अभियान देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में बहुत मद्दगार साबित हुआ है।
इस अवसर पर सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने इस अभियान के दौरान नियोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विधायक कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल, केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान सहित अन्य विधायक एवं कांग्रेस के नेता भी उपस्थित थे।

Tuesday, January 3, 2023

1500 रूपये देने पर शीघ्र लिया जायेगा निर्णय: सुखविंदर सिंह सुक्खू

03 जनवरी 2023 
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलबार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित विशाल जन आभार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों को पारदर्शी, उत्तरदायी और जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले भारी जनादेश के लिए कांगड़ा जिले के लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए इस जन आभार रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत सुखविंदर सिंह सुक्खू का जिले का यह पहला दौरा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार सत्ता-सुख भोगने के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था में परिवर्तन के लिए सत्ता में आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के पश्चात् उन्होंने पहले ही दिन शिमला में बालिका देखभाल संस्थान, टूटीकंडी का दौरान कर इस संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महसूस किया कि बेसहारा बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है क्योंकि सरकार ही इन निराश्रित बच्चों की माता-पिता है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये की धनराशि से ‘मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष’ स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को बुनियादी शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। राज्य सरकार ऐसे बच्चों के कौशल विकास, उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर होने वाले व्यय को वहन करेगी। ऐसे लोगों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए आवश्यकतानुसार वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।
पूर्व भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में बिना बजटीय प्रावधान 900 से अधिक संस्थान खोल दिए। विधानसभा चुनावों को देखते हुए पूर्व सरकार ने केवल मतदाताओं को लुभाने के लिए यह सब किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान चल रहे एक बड़े पेपर लीक घोटाले का भंडाफोड़ किया है। राज्य सरकार ने युवाओं के हित में साहसिक निर्णय लेते हुए आयोग के कामकाज को निलंबित किया है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त किया कि वर्तमान राज्य सरकार विभिन्न पदों के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करवाएगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस पार्टी के वायदे के अनुसार सभी दस गारंटी अक्षरशः लागू करेगी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लागू किया जाएगा और 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये देने का निर्णय भी शीघ्र लिया जाएगा। इसी प्रकार, शेष गारंटियों का भी चरणबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार को भाजपा नेता पचा नहीं पा रहे और निराधार बयानबाजी कर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने तथाकथित डबल इंजन सरकारों को पूरी तरह से नकार दिया है। पिछली राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान नौकरियां की खुली बोली लगाई जा रही थी। ऐसे में वर्तमान राज्य सरकार ने सत्ता में आने के तुरंत बाद एचपीएसएससी के कामकाज को निलंबित कर दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को धैर्य रखने और एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह भी दी।
\ मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले 21 दिनों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। गरीब और जरूरतमंद बच्चों को वांछित उच्च शिक्षा के लिए समुचित आर्थिक सहायता राशि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्तमान राज्य सरकार ने 101 करोड़ रुपये का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष के गठन का निर्णय लिया है।
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों के भारी समर्थन के फलस्वरूप ही कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने में सफल रही है। प्रदेश में विकास की गति को और तीव्र करनेे के लिए संगठन एवं सरकार पूर्ण समन्वय से कार्य करेंगे ताकि विकास की दृष्टि से हिमाचल प्रदेश अग्रणी राज्य बन कर उभर सके।
धर्मशाला के विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को जिला कांगड़ा के सभी विधायकों द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश समृद्धि और विकास के पथ पर अग्रसर होगा।
नगरोटा बगवां से विधायक आरएस बाली ने कहा कि जिले के लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर पूरा विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर आम आदमी सौभाग्यशाली है कि पार्टी का एक जमीनी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सर्वाेच्च पद तक पहुंचा है।
शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिले की जनता ने 15 में से 10 सीटें देकर कांग्रेस को प्रचंड जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण पर विशेष बल देते हुए राज्य के समग्र विकास के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव तजिंदर सिंह बिटटू, प्रदेश विधानसभा के प्रो-टेम स्पीकर चंद्र कुमार, कांग्रेस विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
\