Monday, July 11, 2022

नूरपुर: रत्ते घर वाली माता मंदिर के लिए पांच सोलर लाइट, नव ग्रह वाटिका तथा पार्किंग

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 11 जुलाई 2022 
कांगड़ा ज़िला के 100 स्कूलों में स्थापित की जाएंगी नव ग्रह वाटिका : राकेश पठानिया
धर्मशाला वन सर्कल के तहत 854 हेक्टेयर क्षेत्र में लगाए जाएंगे 25 लाख नए पौधे
वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा है कि इस वर्ष मॉनसून सीजन के दौरान धर्मशाला वन सर्कल के तहत 854 हेक्टेयर क्षेत्र में 25 लाख नए पौधे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कांगड़ा ज़िला के 100 स्कूलों में इस वर्ष नव ग्रह वाटिकाएं स्थापित की जाएंगी। यह जानकारी उन्होंने आज सोमवार को नूरपुर के रत्ते घर वाली माता के प्रांगण में पौधरोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर बोलते हुए दी। इस मौके पर उन्होंने आम का पौधा भी लगाया। इस दौरान अन्य उपस्थित लोगों ने भी एक-एक पौधा लगाया। वन मंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना की।
 
राकेश पठानिया ने बताया कि नूरपुर वन मंडल के तहत इस वर्ष 534 हेक्टेयर क्षेत्र में 11 लाख नए पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में पौधरोपण, वन संरक्षण और पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य में ग्रीन कवर क्षेत्र को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई योजनाएं लागू की गई हैं।
वन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के सरंक्षण को भी सुनिश्चित बनाया है। जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में गत दो वर्षों में वर्गीकृत वन क्षेत्र में 915 वर्ग किलोमीटर का इज़ाफ़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त ग्रीन कवर क्षेत्र में भी बढ़ोतरी हुई है।

 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वनीकरण गतिविधियों को बढ़ाने के प्रति गंभीर है तथा इसी क्रम में पौधरोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ युवक व महिला मंडलों तथा विद्यार्थियों से इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया, ताकि लक्षित उद्देश्य की पूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने लोगों से पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिये प्रकृति से खिलवाड़ ना करने तथा प्रकृति के संतुलन को बनाये रखने की अपील की।
उन्होंने लोगों से वन संरक्षण के साथ- साथ जल सरंक्षण को भी जन आंदोलन बनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपनी निजी भूमि पर अधिक से अधिक औषधीय तथा फलदार पौधे लगाने का आग्रह किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर पेड़ लगाने व इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
 
वन मंत्री ने मंदिर में पांच सोलर लाइट, नव ग्रह वाटिका बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर एसडीएम नूरपुर अनिल भारद्वाज, डीएफओ कुलदीप सिंह जम्वाल, रेंज ऑफिसर शशि पॉल, ब्लॉक समिति अध्यक्ष कुसुम देवी, जिला परिषद सदस्य अर्पणा देवी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेएस राणा, रत्ते धर मंदिर कमेटी सचिव प्रशोत्तम चंद सहित वन व अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे ।

No comments:

Post a Comment